उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक महिला और उसके पति पर प्रेमी की हत्या कर शव के टुकड़े-टुकड़े करने और सबूत मिटाने के लिए यूट्यूब वीडियो देखने का आरोप लगा है। पुलिस जांच में यह पूरी साजिश एक लापता व्यक्ति की तलाश के दौरान सामने आई।

मृतक की पहचान विजय निषाद के रूप में हुई है, जो 8 मई को अचानक लापता हो गया था। घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और 11 मई को पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

जांच के दौरान पुलिस ने विजय की आखिरी गतिविधियों का पता लगाया, जिसके बाद शक किरण देवी नामक महिला पर गया, जिसके साथ विजय के कथित प्रेम संबंध थे। तकनीकी सबूतों और निगरानी के आधार पर पुलिस ने किरण देवी और उसके पति कमता प्रसाद निषाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने हत्या की बात कबूल कर ली।

प्रेम संबंध से नाराज था पति

पुलिस का दावा है कि विजय और किरण देवी के बीच कई महीनों से प्रेम संबंध थे। कमता प्रसाद को इस रिश्ते की जानकारी थी और वह इससे बेहद नाराज था। इसी वजह से उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर विजय को रास्ते से हटाने की साजिश रची। प्लानिंग के तहत विजय को किसी बहाने से आरोपी दंपति के घर बुलाया गया। वहां पहले से मौजूद कमता प्रसाद ने उस पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस जांच में आरोपियों के मोबाइल फोन से कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। अधिकारियों के मुताबिक मोबाइल की इंटरनेट और यूट्यूब हिस्ट्री में हत्या की जांच, हत्या के मामलों में सजा, जेल व्यवस्था, फांसी की सजा, महिला अपराधियों से जुड़े मामलों, शव को ठिकाने लगाने और सबूत मिटाने के तरीकों से संबंधित वीडियो और सर्च रिकॉर्ड मिले हैं।

शव के किए टुकड़े-टुकड़े

पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपियों ने शव को रात के अंधेरे में ठिकाने लगाने की कोशिश की। लेकिन शव को बोरे में भरने में दिक्कत आने पर उन्होंने आरी और ग्राइंडर की मदद से शव के कई टुकड़े कर दिए। इसके बाद शव के अंगों को पड़ोसी जिले कानपुर नगर के एक जंगल क्षेत्र में ले जाकर आग के हवाले कर दिया गया, ताकि पहचान और जांच के सभी सबूत नष्ट हो जाएं।

जांच अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों ने विजय का मोबाइल फोन, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, जूते और अन्य निजी सामान अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए, ताकि पुलिस को पहचान और जांच में मुश्किल हो। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मानव अवशेष, मोबाइल फोन के जले हुए हिस्से, कपड़ों के अवशेष, आरी, ग्राइंडर ब्लेड और एक मोटरसाइकिल समेत कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

यह भी पढ़ें – कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का मर्डर केस: डेढ़ महीने तक नाले में पड़ा रहा शव, 3600 रुपये के लिए ले ली जान, आरोपी गिरफ्तार

एक युवा एथलीट का भविष्य उस रकम के लिए छीन लिया गया, जितनी कई लोग एक ही दिन में खर्च कर देते हैं। उसकी जिंदगी 36 सौ रुपये से कहीं ज्यादा कीमती थी। पीड़ित लड़की अनुष्का उर्फ रिया 12वीं कक्षा की छात्रा और होनहार कबड्डी खिलाड़ी थी। अनुष्का की हत्या सिर्फ 36 सौ रुपये के लिए कर दी गई। लगभग डेढ़ महीने तक उसका शव उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक पुलिस थाने से सिर्फ 200 मीटर दूर एक नाले में सड़ता रहा। पूरी खबर पढ़ें…