किसान आंदोलन: वार्ता से एक दिन पहले हरियाणा में किसानों पर चले आंसू गैंस के गोल
किसानों पर आंसू गैस गोले के चलाने की घटना गुड़गांव से करीब 16 किमी दूर एनएच-48 पर रेवाड़ी जिले के सांगवारी गांव के पास शाम चार बजे की है।

कृषि बिलों पर आंदोनकारी किसान और सरकार के बीच अगले दौर की वार्ता से एक दिन पहले हरियाणा पुलिस ने प्रदर्शनकारी किसानों पर आंसू गैस के गोले चलाए। प्रदर्शनकारी वार्ता से एक दिन पहले दिल्ली कूच कर रहे थे, जिन्हें हरियाणा पुलिस ने रोकने की कोशिश की। बता दें कि कृषि बिलों का विरोध कर रहे किसान संगठनों और सरकार के बीच सोमवार यानी आज अगले दौर की वार्ता प्रस्तावित है।
किसानों पर आंसू गैस गोले के चलाने की घटना गुड़गांव से करीब 16 किमी दूर एनएच-48 पर रेवाड़ी जिले के सांगवारी गांव के पास शाम चार बजे की है। इस बीच किसानों ने बुधला सांगवारी गांव के पास पहले पुलिस बैरीकेड तोड़ डाले और फिर शाम में वे दिल्ली की तरफ बढ़ने लगे।
आंसू गैस गोले दागने की पुष्टि करते हुए डीएसपी (बावल) ने कहा- प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जो लोग आगे चले गए उनके पास प्रर्याप्त भोजन नहीं था। उन्होंने उन लोगों के पास जाने और लंगर लगाने की अनुमति मांगी। हमने इसकी मंजूरी दी। मगर जब वो वहां पहुंचे तो पूरे समूह ने बैरिकेड्स तोड़ने आगे बढ़ने की कोशिश की है।
बीते गुरुवार को 300 से ज्यादा किसानों ने राजस्थान-हरियाणा बॉर्डर पर बैरिकेड्स तोड़कर रेवाड़ी में प्रवेश किया था। इसके बाद रविवार को राजस्थान में हनुमानगढ़ और श्रीगंगागनर के करीब 50 और किसानों ने भी ऐसा करने की कोशिश की। पुलिस ने इन्हें रोकने के लिए आंसू गैस के गोले दागे।
जय किसान आंदोलन नूह इकाई (संयुक्त किसान यूनियन का एक अंग) के प्रमुख रमजान चौधरी ने बताया- अधिकतर किसान बॉर्डर पर खड़े रहे। रविवार को 15-20 ट्रैक्टर रेवाड़ी में दाखिल हुए। उनका पुलिस से टकराव हो गया। हालांकि संयुक्त किसान यूनियन के दिशा-निर्देशों का पालन करने वाले हम अभी सीमा पर खड़े हैं और आगे रहे भी रहेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार के साथ आज होने वाली बैठक के आधार पर आगे के कदम पर फैसला लिया जाएगा।