Bittu Bajrangi Wedding Scam: हरियाणा के फरीदाबाद में बिट्टू बजरंगी के साथ एक व्यक्ति ने कथित तौर पर 30 हजार रुपये की ठगी की। आरोपी ने बजरंगी की शादी कराने के बहाने उसके साथ यह ठगी की। पुलिस ने बताया कि 2023 के नूंह सांप्रदायिक दंगों के आरोपी बजरंगी की शिकायत के आधार पर आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

लड़कियों से मिलवाने के लिए बुलाया

शिकायत के अनुसार, बजरंगी ने अपने पड़ोसी के रिश्तेदार आरोपी बंटी से कहा कि वह शादी करना चाहता है और अगर उसे कोई उपयुक्त लड़की पता हो तो उसे बता दे। बंटी ने बजरंगी को रानी नाम की एक महिला से मिलवाया। बंटी और रानी ने बजरंगी को तीन बार अलीगढ़ में लड़कियों से मिलवाने के लिए बुलाया, लेकिन उसे उनमें से कोई भी पसंद नहीं आई।

ऐसे में बंटी ने बजरंगी को एक और युवती की तस्वीर भेजी जो उसे पसंद थी। बारात लेकर अलीगढ़ पहुंचे तो आरोपी वहां नहीं मिले। दुल्हन ने फोन पर कहा, उसे शादी के बारे में कोई जानकारी नहीं। खाली हाथ लौटे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पांच सितंबर, 2025 को बंटी और रानी उस युवती और उसके परिवार के साथ बजरंगी के घर आए और सात फरवरी को शादी तय की गई।

बिना दुल्हन के लौटी बारात

वादे के मुताबिक, बजरंगी ने छह फरवरी को दुल्हन के लिए कपड़े आदि खरीदने के लिए आरोपियों को 30 हजार रुपये ट्रांसफर किए। जब वह बारात के साथ अलीगढ़ पहुंचा, तो आरोपी वहां नहीं मिले और उन्होंने अपने मोबाइल फोन बंद कर रखे थे। बजरंगी ने शिकायत में कहा, ‘जब मैंने दुल्हन के नंबर पर कॉल किया, तो उसने कहा कि उसे शादी के बारे में कुछ भी पता नहीं है और मुझे खाली हाथ लौटना पड़ा।’

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर बंटी, रानी और अन्य के खिलाफ सारण पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है और जांच जारी है।