गुजरात के दाहोद जिले में एक दुखद घटना सामने आई है। यहां एक नाबालिग लड़की और करीब 23 वर्षीय युवक ने जंगल के इलाके में इंस्टाग्राम पर लाइव आकर आत्महत्या कर ली। हैरानी की बात यह है कि घटना के दौरान उनके परिवार के कुछ सदस्य भी लाइव देख रहे थे। उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी, लेकिन खराब नेटवर्क के कारण पुलिस समय पर मौके तक नहीं पहुंच सकी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना 4 अक्टूबर को सिंगवाड़ इलाके के हिरापुर गांव के बाहरी हिस्से में हुई। करीब 16 वर्षीय लड़की और 23 वर्षीय युवक अपने-अपने गांवों से करीब 20 किलोमीटर दूर इस इलाके में पहुंचे थे। दोनों पड़ोसी तालुका में स्थित अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे। जंगल वाले इलाके में पहुंचने के बाद दोनों ने इंस्टाग्राम पर लाइव स्ट्रीम शुरू किया और इसी दौरान अपनी जान दे दी।

57 लोगों ने देखा लाइव

पुलिस के अनुसार, कम से कम 57 लोग उस लाइव स्ट्रीम को देख रहे थे। इनमें दोनों के परिवार के सदस्य भी शामिल थे। परिवारवालों ने लाइव के दौरान स्थिति को देखकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद संबंधित थानों से पुलिस टीमों को दोनों को तलाशने के लिए भेजा गया।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की, लेकिन खराब नेटवर्क कनेक्टिविटी और दोनों की सटीक लोकेशन पता लगाने में आ रही परेशानी के कारण बचाव अभियान में देरी हुई। पुलिस के मौके पर पहुंचने तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम को तत्काल रवाना किया गया था, लेकिन नेटवर्क संबंधी दिक्कतों और सही लोकेशन का पता नहीं चल पाने के कारण पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों ने आत्महत्या कर ली।

परिवार के विरोध की आशंका

लिमखेड़ा डिवीजन के असिस्टेंट डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस करण पन्ना ने द इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में बताया कि शुरुआती जांच में दोनों के रिश्ते को लेकर परिवारों के विरोध की बात सामने आ रही है।

करण पन्ना ने कहा कि मामले की जांच जारी है। पहली नजर में यह कदम अचानक उठाया गया प्रतीत होता है और परिस्थितियां इस ओर इशारा करती हैं कि दोनों के परिवार उनके रिश्ते के खिलाफ थे। पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर तय की जाएगी।

सोशल मीडिया वीडियो भी जांच का हिस्सा

पुलिस के मुताबिक, इंस्टाग्राम लाइव इस मामले की जांच में महत्वपूर्ण सबूत बन गया है। लाइव स्ट्रीम देखने और रिकॉर्ड करने वाले कुछ लोगों के सोशल मीडिया अकाउंट पर इसका वीडियो अभी भी उपलब्ध है। पुलिस इस वीडियो और उससे जुड़ी परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।

रंधिकपुर पुलिस थाने की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों के शव बरामद किए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव उनके परिवारों को सौंप दिए गए, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया।

यह भी पढ़ें: राजस्थान में सरकारी स्कूल का ताला तोड़कर किया गया युवक का अंतिम संस्कार, प्रधानाचार्य ने की पुलिस से शिकायत

राजस्थान के दूदू में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कुछ लोगों ने कथित तौर पर सरकारी स्कूल का ताला तोड़कर उसके परिसर में 20 वर्षीय युवक का अंतिम संस्कार कर दिया। लोगों का दावा था कि जिस जमीन पर स्कूल बना है, वहां पहले उनकी समुदाय का श्मशान घाट हुआ करता था। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।