बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने चुनावी सर्वे और मीडिया के आकलन पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सिलसिलेवार पोस्ट साझा करते हुए बसपा सुप्रीमो ने तमाम चुनावी सर्वे को ‘फर्जी, प्रायोजित और ध्यान भटकाने वाला’ करार दिया है।

उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में आगामी विधानसभा आम चुनावों की सुगबुगाहट तेज होते ही राजनीतिक सरगर्मियां अपने चरम पर पहुंचने लगी हैं। इसी दौरान लोगों के कयास और मीडिया के आकलन भी सामने आ रहे हैं। उसी को लेकर मायावती ने एक्स पर पोस्ट किया है।

बसपा प्रमुख ने लिखा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड एवं पंजाब राज्य में होने वाले आगामी विधानसभा आमचुनाव में पार्टी के अच्छे व दमदार उम्मीदवारों के चयन सहित सघन ज़मीनी तैयारियों आदि के बीच यहां जातिवादी मीडिया/सोशल मीडिया द्वारा भी, अभी से ही षडयंत्र के तहत धनबल के दुरुपयोग के सहारे फेक व ध्यान भटकाने वाला, सर्वे/सर्वेक्षण आदि का मिथ्या प्रचार शुरू कर दिया गया है, जिसमें स्वाभाविक तौर पर बहुजन समाज पार्टी (बी.एस.पी.) को निशाना बनाया जाना यह अति-दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है।

मायावती ने कहा कि वैसे यहां यह कड़वी वास्तविकता भी उल्लेखनीय है कि जातिवादी मीडिया द्वारा चुनाव के दौरान बी.एस.पी. के विरुद्ध हमेशा ही मिथ्या व अनर्गल प्रचार किया जाता है तथा फेक व प्रायोजित सर्वे/सर्वेक्षण आदि में हमेशा कम व कमज़ोर करके आंका जाता रहा है।

उन्होंने कहा कि यहां तक कि सन 2007 में भी इनका बर्ताव ऐसा ही जातिवादी व द्वेषपूर्ण रहा था जबकि बी.एस.पी. ने तमाम लोगों के क़यासों व उम्मीदों पर पानी फेरते हुये पूर्ण बहुमत की अपनी सरकार बनायी थी और फिर यूपी में सबके साथ न्याय करने हेतु ’क़ानून द्वारा क़ानून का राज’ कायम करने सहित ’सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ के नये संवैधानिक कल्याणकारी युग की शुरूआत हुई थी।

बीएसपी चीफ ने आगे कहा कि इसीलिए यूपी में पहले सपा और अब भाजपा राज से त्रस्त सर्वसमाज से तथा ख़ासकर ’बहुजन समाज’ के लोगों से यही अपील है कि वे विरोधी पार्टियों तथा जातिवादी तत्वों के साम, दाम, दंड, भेद आदि हथकण्डों सहित सभी प्रकार के मिथ्या व दुष्प्रचार आदि से ज़रूर सावधान रहें और अपनी मा. बहनजी के नेतृत्व में पाँचवीं बार बी.एस.पी. की सरकार बनाने में पूरे जी-जान से लगातार लगे रहें, जिसमें ही सबका हित निहित व सुरक्षित भी है।

‘हमारा केस नंबर 2047…’, सीएम योगी ने बताया क्या है सब्जेक्ट, कौन है याची और प्रतिवादी?

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को राम मनोहर नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के 5वें दीक्षांत समरोह में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने छात्रों को डिग्रियां प्रदान की। साथ ही संबोधित किया। पढ़ें पूरी खबर।