खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टिट्यूट के संचालक फैजल खान उर्फ खान सर के वकील अरविंद कुमार मव्वार का कहना है कि उनके मुवक्किल को फंसाने और बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
मव्वार ने शनिवार को कहा कि कोचिंग गार्ड्स ने सुरक्षा के लिए हवा में फायरिंग की थी और इसमें कोई घायल नहीं हुआ लेकिन एफआईआर में खान सर का नाम जबरदस्ती डाला गया है। उन्होंने कहा कि यह खान सर को फंसाने और बदनाम करने की कोशिश है।
वकील ने कहा कि अग्रिम जमानत याचिका दायर की जा रही है। उन्होंने कहा कि खान सर के खिलाफ कोई आरोप नहीं है।
इससे पहले खबर आई थी कि खान सर आत्मसमर्पण करने पटना सिविल कोर्ट पहुंचने वाले हैं। शुक्रवार को उनके खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत पटना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। यह एफआईआर कदमकुआं पुलिस थाने में दर्ज की गई थी।
एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही पुलिस खान सर की तलाश कर रही थी। फैजल खान सोशल मीडिया पर काफी पॉपुलर हैं और उन्हें ‘खान सर’ के नाम से पहजाना जाता है। चूंकि एफआईआर खान सर के खिलाफ दर्ज की गई है इसलिए फायरिंग के मामले में पुलिस उनसे पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।
सुरक्षा गार्ड्स को किया था गिरफ्तार
पुलिस ने खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टिट्यूट के बाहर 2 जून को हुई फायरिंग के मामले में बृहस्पतिवार को उनके दो सुरक्षा गार्ड्स को गिरफ्तार किया था। इन सुरक्षा गार्ड्स ने पुलिस को बताया था कि फैजल खान ने ही उनसे कोचिंग संस्थान के बाहर हुई हिंसा के दौरान गोली चलाने को कहा था।
खान सर ने लगाया था फायरिंग का आरोप
खान सर ने आरोप लगाया था कि पटना के मुसल्लाहपुर इलाके में स्थित उनके कोचिंग इंस्टीट्यूट के बाहर आठ से दस राउंड गोलियां चलाई गईं थीं। उन्होंने आरोप लगाया था कि 15-20 लोगों ने संस्थान में तोड़फोड़ की और पथराव भी किया था।
खान सर ने आरोप लगाया था कि उनके प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान ज्ञान बिंदु एकेडमी से जुड़े लोगों ने यह फायरिंग की थी। पुलिस ने इस मामले में ज्ञान बिंदु एकेडमी के निदेशक रोशन आनंद सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। रोशन आनंद की ओर से दावा किया गया था कि खान सर ने स्वयं इस घटना की साजिश रची थी।
खान सर की कोचिंग पर क्यों हुई तोड़फोड़?
ऑनलाइन कोचिंग पढ़ाने वाले खान सर के पटना के मुसल्लाहपुर स्थित ग्लोबल स्टडीज कोचिंग इंस्टीट्यूट पर हमला हुआ था। इस दौरान हमलावरों ने कोचिंग में जमकर तोड़फोड़ भी हुई। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
