पंजाब के मोहाली से सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां एक युवती के पूर्व प्रेमी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में युवती की मौत हो गई जबकि आरोपी खुद भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह मामला मोहाली के फेज-11 इलाके का है। यहां एक पैकर्स एंड मूवर्स कंपनी के दफ्तर में 30 वर्षीय डिंपल काम करती थी। वहीं उसका पूर्व प्रेमी हरविंदर भी काम करता था। हालांकि, करीब छह महीने पहले दोनों का किसी कारणवश ब्रेकअप हो गया था।

ब्रेकअप के बाद से हरविंदर लगातार डिंपल को मनाने की कोशिश कर रहा था। वह उसके साथ फिर से रिश्ता जोड़ना चाहता था, लेकिन डिंपल ने उससे स्पष्ट दूरी बना ली थी। इसी बात से नाराज होकर हरविंदर ने यह खौफनाक कदम उठाया।

इस वारदात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ऑफिस के सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि डिंपल अपनी डेस्क पर बैठकर काम कर रही थी। तभी पीछे से हरविंदर आता है और चाकू से उसकी गर्दन पर वार कर देता है।

पहले हमले के बाद डिंपल तुरंत वहां से भागने की कोशिश करती है, लेकिन हरविंदर उसका पीछा करता है और उस पर कई बार चाकू से हमला करता है। वह डिंपल को बुरी तरह घायल कर देता है जिसके बाद वह वहीं गिर जाती है।

हमले के बाद हरविंदर ने खुद को भी चाकू मार लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया जबकि हरविंदर की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज को भी कब्जे में लेकर उसकी जांच की जा रही है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि हरविंदर ने डिंपल पर चाकू से हमला किया। शुरुआती जांच में मामला ब्रेक अप और उससे जुड़े तनाव से जु़ड़ा माना जा रहा है।