उत्तर प्रदेश में बिजली महंगी हो गई है। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने बिजली बिल में 10% अतिरिक्त शुल्क लगाने का फैसला किया है। इस वजह से अगले यानी जून महीने से लोगों को बिजली का बढ़ा हुआ बिल देना होगा।

पिछले कई दिनों से उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में लोग बिजली की जबरदस्त कटौती से जूझ रहे हैं। इसके खिलाफ न सिर्फ आम लोग सड़कों पर उतरे हैं बल्कि बीजेपी के नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने अपनी ही सरकार के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा को पत्र लिखा है।

उत्तर प्रदेश में लखनऊ सहित कई जगहों से ऐसे वीडियो सामने आए हैं जहां पर लोगों ने बिजली कटौती को लेकर बिजली विभाग के अफसरों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया है।

लोगों की मुश्किलों में होगा इजाफा

बीते दिनों में न सिर्फ पेट्रोल-डीजल बल्कि दूध और सीएनजी की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। इसकी वजह से लोगों की जेब पर पहले से ही अतिरिक्त बोझ पड़ रहा था लेकिन अब उत्तर प्रदेश में जब बिजली पर 10% अतिरिक्त शुल्क देना पड़ेगा तो इससे राज्य के लोगों की मुश्किलों में इजाफा ही होगा।

लगातार बिजली कटौती के चलते उत्तर प्रदेश सरकार को विपक्षी दलों के साथ ही जनता की भी नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि लोगों को बिजली कटौती की समस्या से न जूझना पड़े और गांव से लेकर शहरों तक पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उत्तर प्रदेश विद्युत निगम के सूत्रों के अनुसार, बिजली संकट का सबसे बड़ा कारण पिछले वित्तीय वर्ष में ऊर्जा निगम से 20,000 से अधिक संविदा कर्मचारियों की छंटनी है। इस छंटनी की वजह से खराबी और तकनीकी समस्याओं को दुरुस्त करने की क्षमता पर असर पड़ा है।

अधिकारियों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में इस महीने 31,803 मेगावाट के साथ अब तक की सबसे अधिक बिजली आपूर्ति दर्ज की गई है। यह पिछले वर्ष की अधिकतम मांग 31,486 मेगावाट से ज्यादा है लेकिन फिर भी पूरे उत्तर प्रदेश में उपभोक्ता गंभीर बिजली कटौती की शिकायत कर रहे हैं।

निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें अधिकारी: योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भीषण गर्मी और बढ़ती मांग के बीच गांव-शहर में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आमजन, किसान, व्यापारी और उद्योगों को बिजली संकट न हो, इसके लिए हर स्तर पर सतत निगरानी की जाए। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।