UP Voter List SIR: चुनाव आयोग ने शनिवार को पीलीभीत विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए दो मतदाता पंजीकरण अधिकारियों (ERO) को तुरंत निलंबित करने का आदेश दिया है।
चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) को इन अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने के भी निर्देश दिए हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा को भेजे गए एक पत्र में चुनाव आयोग ने कहा कि उसने इस मामले में सीईओ की रिपोर्ट की समीक्षा की है और मयंक गोस्वामी तथा हेमंत चौधरी को निलंबित करने का निर्णय लिया है।
कांग्रेस-सपा ने उठाए थे SIR सवाल
दरअसल, यह पूरा मामला पिछले महीने सामने आया था, जब कांग्रेस और समाजवादी पार्टी दोनों ने मतदाता सूची में गड़बड़ी का मुद्दा जोर-शोर से उठाया था। इसके बाद 22 अक्टूबर को जारी एक बयान में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अनियमितताओं की बात स्वीकार की थी और कहा था कि दोनों अधिकारियों को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया था कि एक कंप्यूटर सहायक ने 31 मई से 29 अगस्त के बीच “संशोधन” के लिए फार्म 8 के 13,779 आवेदन दर्ज किए थे, लेकिन कार्यालय में कोई भी भौतिक फार्म (फिजिकल फॉर्म) या सहायक दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए थे।
चुनाव आयोग ने क्या कहा?
मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए चुनाव आयोग ने स्पष्ट आदेश दिए हैं। आयोग ने अपने पत्र में कहा, “127-पीलीभीत विधानसभा क्षेत्र के दो मतदाता पंजीकरण अधिकारियों, मयंक गोस्वामी और हेमंत चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया जाए। उनके आरोप पत्र आगे की जांच के लिए आयोग को सौंपे जाएं। आयोग की पूर्व अनुमति के बिना इन दोषी अधिकारियों को बहाल न किया जाए।”
इसके अलावा चुनाव आयोग ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिया है कि वे दोनों अधिकारियों और संबंधित कंप्यूटर ऑपरेटर अनिल कुमार के खिलाफ दर्ज होने वाली प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 198 को जोड़ें, जो किसी लोक सेवक द्वारा कानून की अवहेलना करने से संबंधित है। आयोग ने कहा, “संबंधित अदालत में उनके मामलों की प्रभावी पैरवी की जाए ताकि मामले को उसके तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाया जा सके।”
एक हफ्ते में मांगी है रिपोर्ट
चुनाव आयोग ने पीलीभीत की मतदाता सूची की जांच के संबंध में एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है। आयोग ने निर्देश जारी करते हुए कहा, “राज्य के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और ईआरओ को उनके अधिकार क्षेत्र के तहत आने वाली मतदाता सूचियों की गहराई से जांच करने का निर्देश दिया जाए, विशेष रूप से फार्म 6, 7 या 8 के माध्यम से किए गए नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के डेटा फीडिंग की जांच की जाए।”
कार्रवाई के इस क्रम में शनिवार को ही मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दुरुपयोग के आरोपों को देखते हुए राज्यभर के ईआरओ कार्यालयों में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटरों के पासवर्ड को निष्क्रिय (डिएक्टिवेट) करने का भी आदेश जारी कर दिया।
यह भी पढ़ें: बिहार एमएलसी चुनाव – JDU को हराने वाले 2 निर्दलीय उम्मीदवार बीजेपी में शामिल
बिहार में विधान परिषद चुनाव जीतने वाले दो निर्दलीय एमएलसी (बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज) सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। शनिवार को हुई विधायक दल की बैठक में इन दोनों को पार्टी में शामिल किया गया। पढ़िए पूरी खबर…
