चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में 15 बूथों पर फिर से वोटिंग कराने का आदेश दिया है। आयोग ने कहा है कि मगराहट पश्चिम विधानसभा सीट के 11 बूथों और डायमंड हार्बर विधानसभा सीट के 4 बूथों पर 2 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक फिर से वोटिंग होगी।
इन बूथों पर गड़बड़ियों की शिकायत के बाद चुनाव आयोग ने यह आदेश दिया है। मगराहाट पश्चिम और डायमंड हार्बर में 29 अप्रैल को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत वोट डाले गए थे।
चुनाव आयोग के मुताबिक, फिर से वोटिंग का आदेश दोनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन अधिकारियों और पर्यवेक्षकों से मिली रिपोर्ट के आधार पर तथा भौतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए दिया गया है।
बीजेपी ने लगाया था गड़बड़ियों का आरोप
बीजेपी ने तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के संसदीय क्षेत्र डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र की दोनों विधानसभा सीट के कुछ मतदान केंद्रों पर बड़े पैमाने पर चुनावी गड़बड़ियों का आरोप लगाया था। चुनाव आयोग ने आरोपों की जांच के लिए विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता को नियुक्त किया था।
गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं: सीईओ
इस बीच, पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मनोज अग्रवाल ने शुक्रवार को कहा है कि मतगणना केंद्रों पर किसी भी तरह की गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं है और स्ट्रॉन्ग रूम की 24 घंटे सीसीटीवी के जरिये निगरानी की जा रही है। सीईओ का यह बयान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा अपने भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र के ‘स्ट्रॉन्ग रूम’ पर धांधली की आशंका जताए जाने के एक दिन बाद आया है।
अग्रवाल ने धांधली के आरोपों को बेबुनियाद करार देते हुए सिरे से खारिज किया। तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता और बेलियाघाट सीट से उम्मीदवार कुणाल घोष ने कहा कि पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के निर्देश पर कार्यकर्ता और उम्मीदवार उन मतगणना केंद्रों की निगरानी कर रहे हैं, जहां ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम में रखी गई हैं।
सीईओ ने कहा कि ईवीएम में छेड़छाड़ के आरोप निराधार हैं। कोलकाता के दो मतगणना केंद्रों पर बृहस्पतिवार देर शाम उस समय भारी हंगामा हुआ जब तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए थे।
चुनाव आयोग पर बरसे मनोज झा
पश्चिम बंगाल में चार मई को नतीजे आने वाले हैं। इन नतीजों से पहले आरजेडी सांसद मनोज झा का एक बयान चर्चा में आ गया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
