प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के करीबी रिश्तेदार अमरदीप सिंह ग्रेवाल को समन भेजा। यह समन मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े सीनियर अधिकारियों द्वारा कथित भ्रष्टाचार (जैसे ट्रांसफर और मनचाही पॉलिसी के लिए पैसे लेना) की जांच के सिलसिले में भेजा गया था। मामले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि ED ने पहले अमरदीप ग्रेवाल को 7 अक्टूबर के लिए समन भेजा था, लेकिन अपील के बाद उन्हें 9 अक्टूबर को एजेंसी के दिल्ली ऑफिस में पेश होने के लिए कहा गया है।

अमरदीप ग्रेवाल पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हैं और ‘ईस्ट सनशाइन प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड’ से भी उनका संबंध है। कंपनी के कॉर्पोरेट रिकॉर्ड में अमरदीप ग्रेवाल को इसके डायरेक्टरों में से एक बताया गया है। ED के एक अधिकारी ने बताया कि वे ‘मौजां ही मौजां’ (2023) और ‘स्नोमैन’ (2022) जैसी कई पंजाबी फिल्मों से जुड़े रहे हैं, जिनका विदेशों में प्रोडक्शन या रिलीज से संबंध रहा है।

भगवंत मान के कैंप ऑफिस पर सीबीआई की रेड

वहीँ चंडीगढ़ में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस और उनके OSD (ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी) राजबीर सिंह घुमन के घर पर CBI ने रेड की है। यह कार्रवाई पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के उस आदेश के एक दिन बाद हुई है, जिसमें कोर्ट ने जांच एजेंसी को मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए केस दर्ज करने का निर्देश दिया था। भगवंत मान ने CBI की इस कार्रवाई पर ‘X’ पर पोस्ट करके प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “BJP ने पंजाब चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है। मेरे कैंप ऑफिस पर CBI का छापा पड़ा। अब पंजाब सरकार और मुझे बदनाम करने के लिए पंजाब में ED और CBI का गलत इस्तेमाल किया जाएगा। लोगों से मिल रहे प्यार और समर्थन से BJP घबरा गई है।”

पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट का निर्देश

सोमवार को पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने CBI को आदेश दिया कि वह पंजाब सरकार के अधिकारियों और मुख्यमंत्री के OSD (ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी) राजबीर सिंह घुमन के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों पर FIR दर्ज करे और जांच करे। कोर्ट ने कहा कि ED द्वारा शेयर की गई जानकारी से पहली नज़र में गंभीर अपराध (कॉग्निजेबल ऑफेंस) होने की बात साबित होती है। पंजाब सरकार ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में इस आदेश को चुनौती दी।

हाईकोर्ट का यह आदेश वकील निखिल सराफ द्वारा दायर एक PIL (जनहित याचिका) पर आया था। उन्होंने ED द्वारा पंजाब के DGP गौरव यादव को भेजे गए पत्र में उठाए गए मुद्दों की CBI जांच की मांग की थी। याचिका में कहा गया था कि इन आरोपों से राज्य सरकार के कामकाज पर गंभीर सवाल उठते हैं और पंजाब पुलिस व विजिलेंस ब्यूरो के दायरे से बाहर एक स्वतंत्र जांच की जरूरत है।

DGP को भेजे गए पत्र में एजेंसी ने राजबीर घुमन और उनके कथित सहयोगियों, नितिन गोहल और बीर देविंदर के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की थी। पत्र के अनुसार इन तीनों ने कथित तौर पर सरकारी अधिकारियों के ट्रांसफर और पोस्टिंग, सरकारी कामकाज और टेंडर प्रक्रियाओं में दखल दिया था। एजेंसी ने ऐसी जानकारी का भी ज़िक्र किया जिससे पता चलता है कि पोस्टिंग को प्रभावित करने, गोपनीय सरकारी दस्तावेज़ों तक पहुँचने और प्रशासनिक मंज़ूरी व अन्य आधिकारिक प्रक्रियाओं में दखल देने की कोशिशें की गईं।

यह भी पढ़ें: ‘बीजेपी की मदद ज्ञानेश जी नहीं, गणेश जी कर रहे हैं’, संबित पात्रा ने कांग्रेस पार्टी से पूछे 10 सवाल

भारतीय जनता पार्टी ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों के पैदल मार्च से पहले कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर निशाना साधा है। बीजेपी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि उनकी पार्टी ज्ञानेश कुमार की वजह से नहीं बल्की बुद्धि, विद्या और ज्ञान के देवता गणेश भगवान की वजह से चुनाव जीत रही है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…