प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मोबाइल फोन की बिक्री से संबंधित कथित 100 करोड़ रुपये की जीएसटी धोखाधड़ी के सिलसिले में पंजाब सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा और कुछ अन्य लोगों से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में मंगलवार को फिर से छापेमारी की है।

अधिकारियों ने बताया कि पंजाब के जालंधर और लुधियाना तथा उत्तर प्रदेश के बरेली और नोएडा में लगभग छह ठिकानों पर छापेमारी की गई। उन्होंने बताया कि जिन परिसरों पर छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है उनमें अरोड़ा से जुड़ी कंपनी ‘हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड’ के मामले में जांच के दायरे में आए व्यक्तियों और संस्थाओं से संबंधित आवास और व्यावसायिक कार्यालय दोनों शामिल हैं।

ईडी ने पिछले महीने किया था अरोड़ा को गिरफ्तार

आम आदमी पार्टी के पंजाब में प्रमुख हिंदू चेहरों में से एक माने जाने वाले अरोड़ा (62) को पिछले महीने चंडीगढ़ स्थित उनके आवास पर दिनभर की छापेमारी के बाद ईडी ने गिरफ्तार किया था। वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। अरोड़ा पंजाब में विद्युत, उद्योग और वाणिज्य मंत्री थे।

हिंदू व्यापारियों को तंग कर रही ईडी- केजरीवाल

ईडी की छापेमारी को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि जांच एजेंसी पंजाब के छोटे-छोटे हिंदू व्यापारियों को तंग कर रही है। केजरीवाल ने कहा है कि पूरा पंजाब और पंजाब सरकार आपके साथ हैं और हम सब मिलकर ED पार्टी का मुकाबला करेंगे।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार पर व्यापारियों को परेशान करने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ‘पंजाब के हिंदू व्यापारी हमारे राज्य के आर्थिक विकास की रीढ़ हैं और ‘रंगला पंजाब’ बनाने में उनका बहुत बड़ा योगदान है।’

भाजपा पर निशाना साधते हुए मान ने आरोप लगाया कि केंद्र की एजेंसियों का दुरुपयोग कर व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है।

पंजाब बीजेपी में सब सही नहीं?

पंजाब भाजपा में इन दिनों सियासी हलचल तेज है। पूर्व आईएएस अधिकारी और भाजपा नेता डॉ. जगमोहन सिंह राजू ने प्रदेश उपाध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है। पार्टी हाईकमान को एक पत्र लिखकर अपील की है कि फिलहाल उन्हें कोई भी संगठनात्मक जिम्मेदारी न दी जाए। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।