महाराष्ट्र के वर्धा जिला स्थित सेंट्रल एम्युनिशन डिपो (CAD) के पुलगांव फायरिंग रेंज में शुक्रवार को फायरिंग अभ्यास के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ। इस हादसे में डिफेंस सिक्योरिटी कॉर्प्स (DSC) के एक जूनियर कमीशंड अधिकारी की मौत हो गई। मृतक अधिकारी की पहचान सूबेदार मेजर ओम बहादुर खंड के रूप में हुई है। मालूम हो कि सूबेदार मेजर जूनियर कमीशंड अधिकारियों में सबसे वरिष्ठ पद माना जाता है।

रक्षा जनसंपर्क अधिकारी (PRO) की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, “यह दुख के साथ सूचित किया जाता है कि 15 मई 2026 को सेंट्रल एम्युनिशन डिपो, पुलगांव में नियमित फायरिंग अभ्यास के दौरान डिफेंस सिक्योरिटी कॉर्प्स के जूनियर कमीशंड अधिकारी सूबेदार मेजर ओम बहादुर खंड की फायरिंग रेंज में हुए हादसे में मृत्यु हो गई।”

समाचार एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक ओम बहादुर की यूनिट ने भी दिवंगत सैनिक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। फिलहाल घटना की जांच शुरू कर दी गई है और मामले की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

गौरतलब है कि बीते साल इसी तरह के एक मामले में एक अन्य सैनिक की मौत हो गई थी। मामला राजस्थान का था, जहां स्थित इंदिरा गांधी नहर में सेना के एक टैंक के डूबने से एक जवान की मौत हो गयी थी। अधिकारियों ने बताया कि सुबह ट्रेनिंग के दौरान एक सेना का टैंक इंदिरा गांधी नहर में डूब गया, जिससे 32 वर्षीय एक जवान की मौत हो गई।

पश्चिम बंगाल के रहने वाले एक गैर-कमीशन अधिकारी (एनसीओ) दीपक खोरवाल की प्रशिक्षण के दौरान मौत हो गई, जबकि एक अन्य जवान जान बचाने में सफल रहा। मामले के जांच अधिकारी रोहिताश कुमार ने बताया, “सेना के टैंकों को पानी में उतारने का प्रशिक्षण और अभ्यास होता है, लेकिन इस मामले में टैंक नहर में डूब गया। एक कमांडर तो बचने में कामयाब रहा लेकिन दीपक अंदर बैठा था और बाहर नहीं निकल सका।” पूरी खबर पढ़ें…