दिल्ली की भाजपा सरकार 20 फरवरी को सत्ता में आने का अपना पहला वर्ष पूरा करने जा रही है। इस अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी में 1989 के बाद फिर से डबल-डेकर बस सेवा शुरू की जाएगी। फिलहाल शुरुआत में दो इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन प्रमुख पर्यटक स्थलों को जोड़ने वाले मार्गों पर किया जाएगा। ये बसें प्रधानमंत्री संग्रहालय, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक और भारत मंडपम जैसी जगहों को जोड़ेंगी।

पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि पर्यटकों को बेहतर दर्शनीय अनुभव देने के लिए यह सेवा फरवरी में शुरू होगी। बसें शाम के समय भी पर्यटन भ्रमण के लिए उपलब्ध रहेंगी और इसके लिए मार्ग तय कर लिए गए हैं। ये बसें अशोक लेलैंड द्वारा निर्मित हैं और सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के तहत पर्यटन विभाग को दी गई हैं।

दिल्ली में 30 लाख लोगों के लिए 5000 से भी कम बसें, पब्लिक ट्रांसपोर्ट व्यवस्था बिगड़ी, कई पुराने रूट बंद

पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, बस सेवा प्रधानमंत्री संग्रहालय से भारत मंडपम, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक, नया संसद परिसर, दिल्ली हाट और अन्य लोकप्रिय स्थलों तक चलेगी। ‘डबल-डेकर’ बस में चालक के अलावा 63 से अधिक यात्री बैठ सकते हैं। यह सेवा घरेलू और विदेशी – दोनों तरह के पर्यटकों के लिए है और लुटियंस दिल्ली में आसानी से संचालित की जा सकेगी।

प्रस्तावित मार्ग और किराया

प्रधानमंत्री संग्रहालय शाम 6 बजे बंद हो जाता है, इसलिए यात्रा 6 बजे के बाद शुरू होगी और फिर यह बस अन्य प्रमुख स्थलों तक जाएगी। इससे उन पर्यटकों को फायदा मिलेगा, जो शाम के समय शहर घूमना पसंद करते हैं। मार्ग में इंडिया गेट, सिग्नेचर ब्रिज और भारत मंडपम जैसी जगहें शामिल होंगी। यात्रियों के लिए बस में एक गाइड मौजूद रहेगा, जो प्रत्येक स्थान के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी देगा। किराया वयस्कों के लिए 500 रुपये और छह से बारह वर्ष तक के बच्चों के लिए 300 रुपये तय किया गया है। विभाग ने बसों के औपचारिक उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय से समय भी मांगा है।

1989 में बंद कर दी गई थीं बसें

कभी दिल्ली की सड़कों पर आम नजर आने वाली डबल-डेकर बसें दिल्ली परिवहन निगम की ‘सुविधा’ बसों के रूप में चलाई जाती थीं। हालांकि, पुराने बेड़े और तकनीकी कारणों से इन्हें 1989 में बंद कर दिया गया था।

अब करीब तीन दशक बाद ये बसें नई पहचान और उद्देश्य के साथ दिल्ली की सड़कों पर लौटने को तैयार हैं। इस बार इन बसों का उद्देश्य केवल सफर कराना नहीं, बल्कि शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराना होगा।