LPG Cylinder Shortage in Noida Ghaziabad: पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का असर अब देश के औद्योगिक शहरों तक पहुंचने लगा है। नोएडा और गाजियाबाद में गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं। कई स्थानों पर हालात इतने बिगड़ गए कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन को पुलिस बल तैनात करना पड़ा। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति बाधित होने का असर स्थानीय बॉटलिंग प्लांट और वितरण व्यवस्था पर साफ दिखाई दे रहा है।

उपभोक्ताओं और एजेंसी संचालकों के बीच तीखी नोकझोंक

नोएडा के सेक्टर-22, 23, 54 और 63 सहित निठारी, भंगेल और मामूरा जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में सुबह से ही गैस गोदामों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कई घंटों तक कतार में खड़े रहने के बावजूद आपूर्ति कम होने के कारण बड़ी संख्या में लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा, जिससे कई जगह उपभोक्ताओं और एजेंसी संचालकों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

स्थिति को देखते हुए गैस वितरण के लिए निकले वाहनों को सुरक्षा देने के लिए पुलिस की गश्ती टीमें तैनात करनी पड़ीं। कुछ स्थानों पर लोगों द्वारा सिलेंडर छीनने की कोशिशें भी सामने आईं। इस बीच ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली का सर्वर ठप हो जाने से समस्या और बढ़ गई है, जिससे डिजिटल माध्यम से बुकिंग करने वाले उपभोक्ता भी परेशान हैं।

शहर के खान-पान उद्योग पर भी पड़ा असर

संकट की स्थिति केवल नोएडा तक सीमित नहीं रही। गाजियाबाद के लोनी, टीला शाहबाजपुर और बनथला स्थित बॉटलिंग प्लांटों पर भी भारी दबाव देखा जा रहा है। इससे फोर्जिंग इकाइयों और लघु उद्योगों का उत्पादन प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। व्यावसायिक सिलेंडरों की कमी का असर शहर के खान-पान उद्योग पर भी पड़ा है।

राज नगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर, इंदिरापुरम और कविनगर के कई रेस्तरां और ढाबों ने गैस की कमी के कारण अपने मेन्यू सीमित कर दिए हैं या फिर कोयले और लकड़ी के पारंपरिक चूल्हों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। वहीं विजयनगर और खोड़ा में लोग तड़के चार बजे से ही गैस एजेंसियों के बाहर कतार में लग रहे हैं।

रिफिलिंग की दरें सामान्य से दोगुनी

इस संकट का फायदा उठाकर कालाबाजारी करने वाले गिरोह भी सक्रिय हो गए हैं। साहिबाबाद और इंदिरापुरम में रिफिलिंग की दरें सामान्य से दोगुनी से अधिक होकर करीब 200 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई हैं, जबकि व्यावसायिक सिलेंडरों के लिए ब्लैक मार्केट में मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी ने जिले की सभी 95 गैस एजेंसियों को घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने के सख्त निर्देश दिए हैं। वहीं नोएडा के जिलाधिकारी ने कालाबाजारी रोकने के लिए विशेष टीमों को छापेमारी के निर्देश दिए हैं। हालांकि प्रशासनिक दावों और जमीनी हालात के बीच अंतर बना हुआ है, जिससे आम लोगों में भविष्य को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।

यह भी पढ़ें – यूपी में रसोई गैस सिलेंडर से भरा ट्रक चोरी, मुठभेड़ के बाद सात आरोपी गिरफ्तार

देश के कई हिस्सों से एलपीजी की कमी की खबरें आ रही हैं। कई जगहों पर एलपीजी की कमी की वजह से रेस्टोरेंट बंद भी किए गए हैं। हालांकि केंद्र सरकार का दावा है कि भारत में हालात सामान्य हैं। इस बीच उत्तर प्रदेश के झांसी से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। झांसी जिले में होली के दौरान करीब 500 रसोई गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रक चोरी हुआ था। इसी मामले में सीपरी बाजार क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद सात आरोपियों को गिरफ्तार करके चोरी किए गए सिलेंडर बरामद कर लिए। पूरी खबर पढ़ें…