उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत डॉक्टर के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोप है कि डॉक्टर ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ में शामिल होने से इनकार कर दिया था, जिस वजह से मारपीट की घटना हुई।
पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार को मझवारा मोड़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हुई।
पुलिस के अनुसार, राहुल यादव नामक शख्स खुद को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का सदस्य बताता है। वह ईसीजी जांच कराने के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा था। इस दौरान उसने डॉक्टर डॉ. हरिश्चंद्र जायसवाल से पार्टी में शामिल होने का आग्रह किया।
कमरे में की तोड़फोड़
पुलिस ने बताया कि सरकारी कर्मचारियों के राजनीतिक गतिविधियों में भाग लेने पर प्रतिबंध का हवाला देते हुए डॉक्टर ने राहुल के प्रस्ताव को ठुकरा दिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद राहुल यादव ने डॉक्टर के साथ मारपीट की, उनके कमरे में तोड़फोड़ की और धमकी देकर वहां से फरार हो गया।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि मामले में शिकायत दर्ज कर ली गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
जंतर-मंतर पर किया प्रदर्शन
शनिवार को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवाओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान युवाओं ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग को दोहराया। उन्होंने कहा कि अगर मंत्री को बर्खास्त नहीं किया गया तो पूरे देश में आंदोलन किया जाएगा। पिछले कुछ ही दिनों में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के सोशल मीडिया हैंडल और पेज को काफी लोकप्रियता मिली है।
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को मिला INDIA गठबंधन के सहयोगी दलों का साथ
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने शनिवार को शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने के लिए सात दिनों का अल्टीमेटम दिया है। कांग्रेस को छोड़कर विपक्षी दलों ने जंतर-मंतर पर हुए इस विरोध-प्रदर्शन का स्वागत किया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
