द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (डीएमके) ने तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को सीट बंटवारे पर मुहर लगा दी। डीएमके ने कांग्रेस को 28 सीट दी हैं। इसके अलावा पार्टी को एक राज्यसभा सीट भी दी गई है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोडणकर और तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के. सेल्वापेरुथंगाई समेत पार्टी के शीर्ष नेताओं ने डीएमके प्रमुख एम.के. स्टालिन और अन्य नेताओं के साथ डीएमके के मुख्यालय अन्ना अरिवलायम में बातचीत की। इसके बाद सीट बंटवारे का ऐलान किया गया।
सेल्वापेरुथंगाई ने सीट-बंटवारे को लेकर हुए समझौते पर खुशी जाहिर की।
त्रिकोणीय मुकाबले के आसार
तमिलनाडु विधानसभा की 234 सीटों के लिए आगामी अप्रैल में चुनाव होने हैं। राज्य में सत्ताधारी एमके स्टालिन के नेतृत्व वाला गठबंधन फिर से जीत हासिल करने के लिए ‘द्रविड़ मॉडल 2.0’ को पेश करने की कोशिश करेगा। अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कज़गम (टीवीके) के मैदान में उतरने से तमिलनाडु का चुनाव त्रिकोणीय मुकाबले में तब्दील होने की आशंका है। बीजेपी-एआईएडीएमके गठबंधन डीएमके को सत्ता से हटाने के लिए पूरा जोर लगा रहा है।
2021 के विधानसभा चुनाव में डीएमके ने 133 विधानसभा सीटें जीती थीं। कांग्रेस ने 18, पीएमके ने पांच, वीसीके ने चार और अन्य ने आठ सीटें जीती थीं।
डीएमके ने तिरुचि शिवा और रविंद्रन को बनाया उम्मीदवार
डीएमके ने 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए मौजूदा सांसद तिरुचि शिवा और पार्टी प्रवक्ता प्रोफेसर जे. कांसटेंटिन रविंद्रन को उम्मीदवार घोषित किया है। डीएमके ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि पार्टी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने इन नामों को मंजूरी दी है। डीएमके ने राज्यसभा चुनाव में अपने सहयोगियों- कांग्रेस और प्रेमलता विजयकांत की अगुवाई वाली देसिया मुरपोक्कु द्रविड़ कषगम (डीएमडीके) को एक-एक सीट दी है।
