Uttam Nagar Murder Case: दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में हुई घटना ने सभी को हैरान कर दिया है। होली के रंग को लेकर हुए विवाद में युवक की निर्मम हत्या किए जाने के बाद से इलाके में तनाव है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर नाराजगी है। उनका कहना है कि इतनी छोटी सी बात पर किसी की हत्या कर देना अस्वीकार्य है। उन्होंने आरोपियों और उनके परिवार जो घटना के बाद से घर छोड़कर फरार हैं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
दोनों परिवारों में होती रहती थीं लड़ाइयां
पुलिस लगातार इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का मानना है कि दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुई बहस जिसने जानलेवा लड़ाई का रूप ले लिया, वो लगभग पांच दशक पुराना है। दोनों परिवार जो बीते 50 साल से पड़ोसी के तौर पर रहे थे के बीच अक्सर पार्किंग, कचरा फेंकने और पड़ोस के तनाव को लेकर लड़ाइयां होती रहती थीं।
हालांकि, होली वाले दिन यह विवाद भड़क गया, जिसकी परिणती तरुण की मौत हुई। 4 मार्च को हुई हिंसा में 26 साल के तरुण की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में विरोध प्रदर्शन और आगजनी हुई जिसके भारी पुलिस तैनात कर दी गई। स्थिति को संभालने के लिए अर्धसैनिक बल को भी तैनात किया गया था।
नाबालिग समेत आठ लोगों को पकड़ा गया
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार मामले की जांच करने वालों ने पाया कि दोनों परिवार करीब 50 साल से पड़ोसी थे और पार्किंग और कचरा फेंकने जैसे मामलों को लेकर उनके बीच लंबे समय से झगड़े चल रहे थे। पुलिस ने बताया कि इस घटना के सिलसिले में अब तक एक नाबालिग समेत आठ लोगों को पकड़ा गया है। रविवार को अधिकारियों ने आठवें आरोपी 38 साल के इमरान उर्फ बंटी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने कहा कि इलाके में माहौल तनावपूर्ण है लेकिन कंट्रोल में है। लोगों से अफवाहों पर यकीन न करने की अपील की गई है, और अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जो कोई भी इस घटना को कम्युनल रंग देने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।
आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाया
गौरतलब है कि दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन तरुण की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने काफी तूल पकड़ लिया था और मामले ने सांप्रदायिक रंग भी ले लिया था। इसके बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में रविवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने एक आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाया है।
यह भी पढ़ें – उत्तम नगर में युवक की हत्या के बाद बवाल, लोगों ने फूंके वाहन; जमकर हुआ हंगामा, अर्द्धसैनिक बल तैनात
उत्तम नगर में तरुण नाम के युवक की हत्या से लोगों में आक्रोश है। शुक्रवार को आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के घर के बाहर खड़ी एक कार और मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया। गुरुवार रात इसी जगह पर तीन गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई थी। लोगों के आक्रोश को देखते हुए इलाके में भारी संख्या में अर्द्धसैनिक बल के जवानों को तैनात किया गया है। लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें…
