Bihar: तेजस्वी यादव के घर आज होगी महागठबंधन की बैठक, लोकसभा चुनाव में सीट शेयरिंग पर होगी चर्चा
आज (सोमवार) बिहार में महागठबंधन के घटक दलों के नेताओं की पहली औपचारिक बैठक का आयोजन होगा। बता दें ये बैठक पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव के घर पर होगी।

आज (सोमवार) बिहार में महागठबंधन के घटक दलों के नेताओं की पहली औपचारिक बैठक का आयोजन होगा। बता दें ये बैठक पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव के घर पर होगी। उम्मीद के मुताबिक इसमें सीट शेयरिंग के फॉर्मूले को अंतिम रूप दिया जा सकता है। जानकारी के मुताबिक बैठक में मुकेश सहनी, रालोसपा अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाह, जीतन राम मांझी, कांग्रेस विधायक दल के नेता सदानंद सिंह और प्रदेश अध्यक्ष मदनमोहन झा, लोजग के प्रदेश अध्यक्ष रमई राम शामिल हो सकते हैं।
दिल्ली में बैठक लेंगे राहुल: 9 जनवरी को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बिहार कांग्रेस के नेताओं को दिल्ली बुलाया है। इस बैठक में बिहार गठबंधन में कांग्रेस की भूमिका पर चर्चा कर सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक के जरिए अन्य दलों के रूख को भी राहुल जानने की कोशिश करेंगे। ताकि कांग्रेस की रणनीतियों पर बेहतर काम किया जा सके।
तालमेल में नहीं है दिक्कत: महागठबंधन को लेकर कांग्रेस का कहना है कि सीटों के तालमेल को लेकर कोई दिक्कत नहीं है। सही वक्त पर सही फैसला लिया जाएगा।
महागठबंधन को जिताएंगे: विकासशील इंसान पार्टी के नेता मुकेश निषाद ने नारा दिया है कि माछ भात खाएंगे और महागठबंधन को जिताएंगे। जिसके तहत सोमवार को बैठक के पहले एक बड़े भोज के साथ शुरुआत होगी। बता दें कि एनडीए दल भाजपा, जदयू और लोजपा ने अपनी सीटों का ऐलान कर दिया है। जिससे महागठबंधन पर सीट तय करने का दवाब बढ़ गया है। गौरतलब है कि बिहार में भाजपा- जदयू 17-17 और लोजपा 6 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी।
2014 का गणित: बता दें कि बिहार में लोकसभा की कुल 40 सीटें हैं। जिसमें 2014 में भाजपा को 22, लोजपा को 6, राजद को 4, कांग्रेस को 2, जदयू को 2, रालोसपा को 3, एनसीपी को 1 सीट मिली थी।