दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ के 30 अक्टूबर को होने वाले कॉन्सर्ट से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) स्टेडियम के आसपास 30 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे से आधी रात तक ट्रैफिक पाबंदियां और डायवर्जन लागू रहेंगे।
‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ (Aura India Tour 2026) के तहत होने वाले इस कॉन्सर्ट में भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे प्रभावित रास्तों से बचें, अपने सफर की योजना पहले से बना लें और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें।
एडवायजरी के अनुसार, भीष्म पितामह मार्ग, लोधी रोड, डिफेंस कॉलोनी फ्लाईओवर और लोधी कॉलोनी फ्लाईओवर के बीच लाला लाजपत राय मार्ग, आर्च विशप मार्ग, फोर्थ एवेन्यू रोड और फिफ्थ एवेन्यू रोड पर ट्रैफिक पर असर पड़ सकता है।
इन जगहों पर लग सकता है जाम
एडवायजरी में कहा गया है कि सीजीओ कॉम्प्लेक्स और लोधी कॉलोनी के अंदर वाले इलाके की सड़कें, स्टेडियम के आसपास की सड़कें, दयाल सिंह कॉलेज रोड और आईएनए से जंगपुरा मेट्रो स्टेशन गेट नंबर 2 के बीच बारापुला फ्लाईओवर के एक हिस्से पर जाम लग सकता है।
लाला लाजपत राय मार्ग से जेएलएन स्टेडियम मार्ग की ओर आने वाले वाहनों को लोधी फ्लाईओवर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। लोधी रोड से दयाल सिंह कॉलेज रोड की ओर जाने वाले ट्रैफिक पर भी पाबंदियां रहेंगी। कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट पर, स्टेडियम गेट की ओर जाने वाले वाहनों को 4th एवेन्यू रोड के रास्ते या अरबिंदो मार्ग से होते हुए आईएनए की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
मेट्रो की वायलेट लाइन का इस्तेमाल करने वाले यात्री जेएलएन स्टेडियम या जंगपुरा मेट्रो स्टेशन पर उतरकर गेट नंबर 13, 14 और 17 तक पहुंच सकते हैं।
विशेष आमंत्रित लोगों को मिलेगी सीमित पार्किंग
स्टेडियम के आसपास आम लोगों के लिए पार्किंग की सुविधा नहीं होगी। केवल विशेष आमंत्रित लोगों के लिए सीमित पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने कहा है कि विशेष आमंत्रित लोगों के लिए सुनहरी पुल बस डिपो और दयाल सिंह कॉलेज पार्किंग क्षेत्र में सीमित पार्किंग उपलब्ध होगी।
कैब और ऑटो से उतरने के लिए तय की गई जगहों में आर्च बिशप मार्ग, प्रगति विहार में लाल मस्जिद और कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट शामिल हैं। मदद के लिए, यात्री ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 1095 पर संपर्क कर सकते हैं। पुलिस ने लोगों को स्टेडियम के आसपास जाम से बचने के लिए दिल्ली मेट्रो का उपयोग करने की सलाह दी है।
यह भी पढ़ें- अमिताभ बच्चन का घर ग्रेनेड से उड़ाने की धमकी
अभिनेता अमिताभ बच्चन और गायक दिलजीत दोसांझ को धमकी भरा ईमेल मिला है। इसके बाद मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह ईमेल मुंबई नगर निगम के कार्यालय में आया था। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
