मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह इन दिनों खूब चर्चाओं में हैं। भैंसे के साथ डांस करते हुए उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसे लेकर भारतीय जनता पार्टी उन पर खूब चुटकी ले रही है। उन्होंने खुद यह वीडियो अपने ट्विटर पर शेयर किया है। उनका यह वीडियो तेलंगाना में कांग्रेस की “भारत जोड़ो यात्रा” का है।
उन्होंने 7 नवंबर को अपने ट्विटर अकाउंट पर यह वीडियो शेयर किया था। इसके साथ कैप्शन में उन्होंने लिखा था, “तेलंगाना में गोवर्धन पूजा के अवसर पर जो पशुओं की पूजा होती है इसे “सदर” कहते हैं। जो भैंसा होता है उसकी कीमत 3-4 करोड़ रुपए तक होती है। राहुल जी के स्वागत में भूत पूर्व सांसद अंजन यादव जी ने भारत जोड़ो यात्रा में यह आयोजित किया गया था।”
अब उनका यह वीडिया सामने के बाद मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने चुटकी लेते हुए कांग्रेस नेता को बुजुर्ग बता दिया। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का सपना तो उनके लिए दूरदर्शी हो गया है, अधूरा सपना है तो अब उनको भैंसा डांस में संतुष्टी मिल सकती है।
नरोत्तम मिश्रा ने कहा, “बुजुर्गवार नेता हैं, वे किसी के साथ भी डांस कर सकते हैं, भैंसा क्या चीज है? ऐसा करते हुए बुजुर्गवार अच्छे भी लगते हैं क्योंकि राहुल गांधी जी ने फिटनेस का दौर लगा दिया है। कभी हंटर से मारकर, कभी दौड़ लगाकर, कभी सीधे बस में चढ़कर। तो अब उनको भी फिटनेस तो दिखानी पड़ेगी। यात्रा के प्रभारी हैं। अब उनका सपना पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का दूरदर्शित हो गया। अब उनका अधूरा सपना है, संतुष्टी मिल सकती है, भैंसा डांस में।”
बता दें कि दिग्विजय सिंह “भारत जोड़ो यात्रा” से शुरुआत से जुड़े हुए हैं। राहुल गांधी के नेतृत्व में यात्रा अब तक केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना का दौरा कर चुकी है। 30 नवंबर को यात्रा मध्य प्रदेश पहुंचने वाली है। इस दौरान राहुल गांधी करीब 13 दिन तक मध्य प्रदेश में रहेंगे और तकरीबन 25 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे।