Dhirendra Shastri on Hindu Rashtra: बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हिंदू राष्ट्र को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस मिशन को सफल बनाने के लिए हिंदुओं को खुद में पहले सुधार करने होंगे और मुसलमानों को निशाना बनाने से बचान होगा, क्योंकि मुसलमानों को गाली देने से कभी कुछ नहीं होगा, बल्कि जात-पात से ऊपर उठना होगा।

दरअसल, अपने बयानों के चलते चर्चा में रहने वाले पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने हिंदू राष्ट्र को लेकर अब अहम टिप्पणी की है और अपने प्रशंसकों को इसका फॉर्मूला बताया है। ये बातें उन्होंने उत्तर प्रदेश के बांदा में कही। बाबा बागेश्वर के नाम से प्रख्यात धीरेंद्र शास्त्री यहां बीजेपी विधायक प्रकाश द्विवेदी के निमंत्रण पर पहुंचे थे।

आज की बड़ी खबरें

हिंदुओं को क्या दी नसीहत?

बांदा में धार्मिक आयोजन में शामिल होने के साथ ही धीरेंद्र शास्त्री के हजारों की संख्या में श्रद्धालू भी पहुंच गए। कार्यक्रम में धीरेंद्र शास्त्री ने हिंदुओं को खास नसीहत दी। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को गाली देने से भारत हिंदू राष्ट्र नहीं बनेगा, उन्हें अपनी कुरीतियों में सुधार करना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें: ‘ना शर्मा, ना वर्मा और ना बचेंगे क्षत्रिय…’, पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने क्यों कही ये बात?

दूसरे समुदाय को गाली नहीं दें

इस दौरान पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने सामाजिक और धार्मिक मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने का रास्ता किसी समुदाय को गाली देने या निशाना बनाने से नहीं निकलता। हिंदुओं को सबसे पहले अपनी कुरीतियों, कमजोरियों और आंतरिक खामियों को दूर करना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा, कि हिंदुओं को अपनी कुरीतियां सुधारनी होंगी, तभी देश सही मायनों में आगे बढ़ेगा और हिंदू राष्ट्र की अवधारणा साकार हो सकेगी।

यह भी पढ़ें: धीरेंद्र शास्त्री संग वृंदावन पदयात्रा में शामिल होने पर ट्रोल हुईं शिल्पा शेट्टी

शांति से करें कानून का पालन

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि समाज में शांति बनाए रखने के लिए आपसी सम्मान और कानून के दायरे में रहना जरूरी है। उन्होंने बिना नाम लिए एक दूसरे धर्म की तुलना करते हुए कहा कि एक दूसरे धर्म में तीन बार बोलने पर तलाक हो जाता है जबकि हमारे यहां तलाक के लिए 20-25 पेशियां कोर्ट में होनी पड़ती हैं। एक लंबी कानूनी प्रक्रिया से होकर गुजरना पड़ता है।

कौन हैं धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री?

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की बात करें तो वे बाबा बागेश्वर के नाम से काफी प्रसिद्ध हैं। वे मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम के प्रसिद्ध पीठाधीश्वर और कथावाचक हैं। बाबा बागेश्वर ‘पर्ची’ के माध्यम से भक्तों की समस्याएं बताने और ‘चमत्कारिक’ समाधानों का दावा करने के लिए जाने जाते हैं। वे प्रमुख रूप से सनातन धर्म के प्रचारक के रूप में जाने जाते हैं। पिछले कुछ सालों में उनकी लोकप्रियता में तेजी से विस्तार हुआ है। ‘पीएम मोदी हमारे भाई की तरह’, धीरेंद्र शास्त्री बोले- कांग्रेस के साथ भी अच्छे संबंध