Delhi Metro News Corridor: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को दिल्ली में लगभग 33,500 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें मेट्रो के दो नए गलियारे और महिला आवंटियों के लिए तैयार आवास योजनाएं शामिल हैं। आवास योजनाओं को केंद्र सरकार ने सरोजिनी नगर में तैयार किया है।
पिंक और मैजेंटा लाइन शामिल
पहले प्रधानमंत्री इन आवासों का दौरा करेंगे और बाद में महिला आवंटियों को चाबियां सौपेंगे। प्रधानमंत्री करीब 18,300 करोड़ रुपए की लागत से दिल्ली मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें लगभग 12.3 किलोमीटर का मजलिस पार्क-मौजपुर बाबरपुर (पिंक लाइन) गलियारा और लगभग 9.9 किलोमीटर का दीपाली चौक-मजलिस पार्क (मैजेंटा लाइन) गलियारा शामिल है।
इस लाइन से बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा, मजलिस पार्क समेत दिल्ली के कई इलाकों को फायदा होगा। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री दिल्ली मेट्रो के चरण 5-ए के अंतर्गत लगभग 16.10 किलोमीटर लंबे तीन नए गलियारों की आधारशिला भी रखेंगे।
लोगों के लिए कनेक्टिविटी में सुधार करेंगे
इन तीन नए गलियारों में आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ, एयरोसिटी से इंदिरा गांधी हवाईअड्डा टर्मिनल-1 और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज हैं। ये गलियारे राष्ट्रीय राजधानी के कई महत्त्वपूर्ण स्थानों को सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेंगे और नोएडा, दक्षिण दिल्ली और हवाई अड्डे के बीच लोगों के लिए कनेक्टिविटी में सुधार करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी जनरल पूल रेजिडेंशियल अकोमोडेशन (जीपीआरए) पुनर्विकास योजना के तहत 15,200 करोड़ रुपए की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। वहीं, इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री महिला आवंटियों को आवास योजना के तहत सौपेंगे घरों की चाबियां।
