दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का 82 किलोमीटर का पूरा स्ट्रेच अब चालू हो गया है। नमो भारत के इस फुल कॉरिडोर के चालू होने के साथ ही नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) ने इस रूट के स्टेशनों पर पार्किंग शुल्क की नई दरें घोषित की हैं।
नई अपडेटेड दरों के अनुसार, दिल्ली के स्टेशनों पर कार और एसयूवी को छह घंटे की पार्किंग के लिए 50 रुपये देने होंगे। जबकि उत्तर प्रदेश में मौजूद स्टेशनों पर 30 रुपये शुल्क लिया जाएगा। समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, दिल्ली-यूपी के लिए संशोधित दरें अलग-अलग लागू की जा रही हैं। पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ को आसान बनाने के लिए अलग-अलग वाहनों के लिए 10 मिनट तक की पार्किंग पहले की तरह मुफ्त रहेगी।
उत्तर प्रदेश में पार्किंग चार्ज
पीटीआई के अनुसार, उत्तर प्रदेश में साइकिल के लिए 10 मिनट से अधिक और 12 घंटे तक की पार्किंग के लिए 5 रुपये शुल्क लिया जाएगा। यह शुल्क 16 घंटे तक के लिए 10 रुपये हो जाएगा, जबकि रात में (आधी रात से सुबह 5 बजे के बीच-नॉन ऑपरेशनल) ओवरनाइट पार्किंग के लिए 20 रुपये देने होंगे।
वहीं दोपहिया वाहन मालिकों को छह घंटे तक की पार्किंग के लिए 10 रुपये, 12 घंटे तक के लिए 25 रुपये, 16 घंटे तक के लिए 30 रुपये और ओवरनाइट पार्किंग के लिए 60 रुपये चुकाने होंगे।
कार और एसयूवी के लिए शुल्क छह घंटे तक 30 रुपये, 12 घंटे तक 60 रुपये, 16 घंटे तक 80 रुपये और 16 घंटे से ज्यादा के लिए 100 रुपये तय किया गया है। ओवरनाइट पार्किंग का शुल्क 200 रुपये होगा। मासिक पास दोपहिया वाहनों के लिए 600 रुपये और कार व एसयूवी के लिए 2,000 रुपये निर्धारित किया गया है।
उत्तर प्रदेश स्टेशन
-टू-व्हीलर के लिए मासिक पास 600 रुपये
-कार/SUV के लिए मासिक पास 2000 रुपये
दिल्ली स्टेशन
टैरिफ A: सुबह 5 से 11 बजे तक
-टू-व्हीलर के लिए पास 600 रुपये
-कार/SUV के लिए 2000 रुपये
टैरिफ B: 24×7 Access
-टू-व्हीलर के लिए 1000 रुपये
-कार/SUV के लिए 3000 रुपये
पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ के लिए सभी स्टेशनों पर पहले 10 मिनट के लिए पार्किंग फ्री है।
यह भी पढ़ें: अब 55 मिनट में मेरठ, PM मोदी ने दिखाई ‘नमो भारत रैपिड रेल’ के फुल स्ट्रेच को हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल के फुल स्ट्रेच और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन कर दिया। दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक 82 किलोमीटर का सफर अब महज 55 मिनट में पूरा होगा। इसे भारत की सबसे तेज सेमी-हाई स्पीड रीजनल रैपिड ट्रेन कहा जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर…
