Delhi Crime News: दिल्ली के तिलक नगर इलाके में क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर मामला दर्ज कर तीन नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
भाइयों के साथ मिलकर की मारपीट
पुलिस के अनुसार, स्थानीय पार्क में क्रिकेट खेलने के दौरान 12 वर्षीय लड़के और 15 वर्षीय किशोर के बीच कहासुनी हुई, जो हाथापाई में बदल गई। इसके बाद 12 वर्षीय लड़का घर गया और अपने 17 वर्षीय और 12 वर्षीय रिश्ते के भाइयों को घटना की जानकारी दी।
तीनों किशोर मिलकर पीड़ित की तलाश में निकले। कुछ देर बाद उन्हें 15 वर्षीय किशोर मिल गया और दोबारा मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान उसके नाक, गले और सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तीनों नाबालिगों को पकड़ लिया गया
सोमवार शाम सात बजकर 22 मिनट पर पुलिस को घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच शुरू की। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि तिलक नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर तीनों नाबालिगों को पकड़ लिया गया है। मामले में किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रपट के बाद मौत के सटीक कारण स्पष्ट होंगे। वहीं मंगलवार को परिजनों ने थाने के बाहर प्रदर्शन कर आरोपियों के लिए कड़ी सजा की मांग की। उन्होंने पुलिस पर एफआईआर की प्रति उपलब्ध न कराने व मामले में गंभीरता न दिखाने का भी आरोप लगाया है।
पुलिस ने कार्रवाई में लापरवाही बरती
पीड़ित की मां ज्योति ने आरोप लगाया कि पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई में लापरवाही बरती। उनका कहना है कि वुडलैंड पार्क में पहले भी बच्चों के बीच झगड़े होते रहे हैं, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि विवाद इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएगा। पीड़ित परिवार में तीन भाइयों में से एक था। उसके पिता इलाके में चाय की दुकान चलाते हैं।
