राजधानी नई दिल्ली में पिछले दो दिनों से कांग्रेस पार्टी के धरने-प्रदर्शन की वजह से कई मार्गों पर लंबा जाम देखने को मिला है। कांग्रेस आज फिर राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन करने जा रही है। इसी वजह से दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को राजघाट – किसान घाट रोड और आसपास के इलाकों से बचने की सलाह दी है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी किए गए परामर्श के मुताबिक, बुधवार दोपहर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव के नेतृत्व में 500 से 600 लोगों के राजघाट पर एकत्रित होकर किसान घाट की ओर बढ़ने की उम्मीद है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, इस प्रदर्शन के मद्देनजर दोपहर 1:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक राजघाट-किसान घाट मार्ग और आसपास के इलाकों में भारी ट्रैफिक और भीड़भाड़ की स्थिति बन सकती है। धरना प्रदर्शन का मुख्य समय दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा।
किन मार्गों का करें इस्तेमाल
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली गेट या दिल्ली साइड से कश्मीरी गेट ISBT जाने वालों को सलाह दी है कि वो जवाहरलाल नेहरू से मिंटो रोड, अजमेरी गेट, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, पहाड़गंज या कनॉट प्लेस होकर जाएं। इसके अलावा रिंग रोड से राजघाट या किसान घाट की ओर जाने वालों को महात्मा गांधी मार्ग/रिंग रोड का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को दी यह सलाह
सार्वजनिक परिवहन का उपयोग: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने की सलाह दी है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से यह भी अपील की है कि वो समय से अपने गंतव्य स्थान तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें। इसके अलावा ऑन-ड्यूटी ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के निर्देशों और डायवर्जन का पालन करें व वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें।
क्या है कांग्रेस का प्लान?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मल्लिकार्जुन खड़गे लगातार दूसरे दिन इंडिया गठबंधन के सांसदों के लिए लंच का आयोजन कर रहे हैं। इस लंच के बाद कांग्रेस पार्टी और अन्य विपक्षी दलों के सांसद दोपहर में कनॉट प्लेस से राजधाट की तरफ मार्च कर सकते हैं। कांग्रेस के सांसद कोडिकुन्निल सुरेश ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक विपक्ष अपना विरोध जारी रखेगा।उन्होंने कहा कि अगली रणनीति बैठक में तय की जाएगी।
यह भी पढ़ें: राहुल-प्रियंका गांधी पर तीन और FIR, कल हुए प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस का एक्शन, जवानों के साथ मारपीट का आरोप
यह कार्रवाई बुधवार को हुए उस प्रदर्शन के बाद हुई जब INDIA ब्लॉक के सांसदों को दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर की ओर जाने से रोक दिया था। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
