Delhi Building Collapsed: राजधानी दिल्ली के रोहिणी के सेक्टर 16 में एक तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिर गई है। इमारत के मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे की कुछ तस्वीरें भी सामने आई है, जिसमें मलबे में कई कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। प्रशासन राहत बचाव के कार्य में जुटा हुआ है।
निर्माणाधीन इमारत गिरने की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, एनडीआरएफ और अन्य आपातकालीन टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। सभी राहत बचाव के कार्य में जुटे हुए हैं। इसके तहत कई लोगों को सुरक्षित बाहर भी निकाल दिया गया है। वहीं स्थानीय लोग भी प्रशासन का पूरा सहयोग दे रहे हैं।
दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में बारिश
दरअसल, यह हादसा रोहिणी सेक्टर 16 में एक एमसीडी (MCD) स्कूल के पास शाम करीब 4:20 बजे हुआ। इसी दौरान दिल्ली के कई हिस्सों में भारी बारिश भी हो रही थी। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं की है कि क्या इस हादसे के पीछे मौसम का कोई हाथ था या नहीं।
दमकल विभाग ने बचाव कार्य में मदद के लिए चार टीमों को घटनास्थल पर रवाना किया है। बचावकर्मी मलबे के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। जानकरी के मुताबिक, मकान ढहने के तुरंत बाद एक जोरदार धमाके की आवाज आई और मलबे के नीचे से आ रही चीख-पुकार सुनकर आस-पास के घबराए हुए लोग घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को बचाने के प्रयास करने लगे।
लोगों ने बचाने के लिए बनाई ह्यूमन चेन
विशेषज्ञ बचाव टीमों के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने मलबे में फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश में हाथों से ही टूटी हुई ईंटें, कंक्रीट के स्लैब और मुड़ी हुई लोहे की छड़ें हटाना शुरू कर दिया। कुछ निवासियों ने मलबा हटाने के लिए मानव श्रृंखला बनाई, जबकि अन्य लोग पास के घरों और निर्माण स्थलों से फावड़े और अन्य उपकरण ले आए।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) ने मौके पर कई बचाव वाहन भेजे हैं, जबकि पुलिस, NDRF और अन्य आपातकालीन एजेंसियां भी इस अभियान में शामिल हो गईं। राहत कार्य को सुचारू रूप से चलाने के लिए ढही हुई संरचना के आसपास के पूरे इलाके में घेराबंदी की गई है।
फिलहाल रेस्क्यू टीम बेहद सावधानी से काम कर रहा है और मलबे के एक-एक टुकड़े को सावधानी से हटाया जा रहा है, जिससे कोई पत्थर खिसके या ढह न जाए, क्योंकि मलबे में अभी भी कई लोग फंसे हैं।
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश के कॉक्स बाजार में भूस्खलन, रोहिंग्या कैंप में मदरसे पर गिरा मलबा, आठ बच्चों की हुई मौत
बांग्लादेश के कॉक्स बाजार के उखिया उपजिले में रोहिंग्या कैंप में भूस्खलन हुआ है। कई दिनों की हो रही तेज बारिश के बाद इस भूस्खलन की चपेट में एक मदरसा आ गया, इससे आठ बच्चों की मौत हो गई है। पढ़िए पूरी खबर…
