दिल्ली में इस साल पीतमपुरा की रामलीला कमेटी ने रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों के साथ ‘कॉकरोच’ का 30 फुट ऊंचा पुतला दहन करने का फैसला किया है। पीतमपुरा में रामलीला का आयोजन श्री केशव रामलीला समिति करती है।

श्री केशव रामलीला समिति से जुड़े लोगों का कहना है कि कॉकरोच ‘गंदगी और मैल’ का प्रतीक है और उनकी यह पहल ‘स्वच्छ भारत’ और ‘स्वच्छ दिल्ली’ अभियान का हिस्सा है।

श्री केशव रामलीला समिति ने यह फैसला ऐसे समय में लिया है, जब कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) दिल्ली में लगातार प्रदर्शन कर रही है।

राजनीतिक मकसद नहीं- अशोक गोयल

समिति के अध्यक्ष और भाजपा विधायक अशोक गोयल ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि यह फैसला किसी राजनीतिक मकसद से नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि कॉकरोच का पुतला जलाने का मकसद बुराई पर अच्छाई की जीत और स्वच्छता का संदेश देना है। अशोक गोयल ने कहा कि रावण की सेना में शामिल असुरों के बीच ‘कॉकरोच’ को भी दर्शाया जाएगा।

सीजेपी ने कहा है कि एसआईआर प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के चलते मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। सीजेपी के प्रदर्शन के कारण जुलाई में तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

इसके अलावा कांग्रेस की अगुवाई में विपक्षी इंडिया गठबंधन ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई है। इन प्रदर्शनों के दौरान सीजेपी और राजनीतिक दलों के कई कार्यकर्ताओं और छात्रों को भी हिरासत में लिया गया है। सीजेपी ने 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च निकालने का ऐलान किया है। इससे पहले ही नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने नोटिस जारी कर कहा है कि प्रशासनिक कारणों से सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर को आम जनता के लिए बंद रहेगा।

श्री केशव रामलीला समिति के इस फैसले को लेकर दिल्ली में काफी चर्चा हो रही है। रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के साथ कॉकरोच का पुतला भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बन सकता है।

यह भी पढ़ें- ‘CJP और INDIA ब्लॉक का आंदोलन एक’

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने किसी राजनीतिक पार्टी का हिस्सा बनने से साफ इनकार कर दिया। दीपके ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उनके संगठन का आंदोलन और INDIA ब्लॉक का विरोध-प्रदर्शन एक ही मकसद के लिए है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।