Delhi Police Jantar Mantar Protest: दिल्ली में धरना-प्रदर्शन करने वालों के लिए पुलिस ने स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस ने बुधवार को कहा है कि जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन, कोई भी मीटिंग या विरोध प्रदर्शन आयोजित करने से पहले सक्षम अधिकारी से अनुमति लेनी जरूरी है।
दिल्ली पुलिस ने कहा है कि ऐसी अनुमति के लिए 10 दिन पहले नई दिल्ली जिले के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस के सामने आवेदन जमा करना होगा। पुलिस ने इस मामले में मजदूर किसान शक्ति संगठन बनाम भारत सरकार और अन्य के आदेश का हवाला दिया है।
सेंट्रल विस्टा इलाके में धरने पर रोक
दिल्ली पुलिस ने बताया है कि सेंट्रल विस्टा इलाके में विरोध-प्रदर्शन, प्रदर्शन और धरने पर रोक है। इस इलाके में इंडिया गेट, सी-हेक्सागन, मान सिंह रोड, जनपथ, राजपथ और आस-पास के लॉन शामिल हैं।
दिल्ली पुलिस ने कहा है कि 2022 के स्टैंडिंग ऑर्डर में किसी भी धरना प्रदर्शन में कितने लोग शामिल हो सकते हैं, उन लोगों की संख्या के आधार पर तय जगहों के बारे में भी बताया गया है।
| प्रदर्शन में संभावित लोगों की संख्या | निर्धारित प्रदर्शन स्थल |
|---|---|
| 1,000 तक लोग | जंतर-मंतर |
| 1,000 से 50,000 लोग | रामलीला मैदान |
| 50,000 से अधिक लोग | बुराड़ी |
पुलिस ने स्पष्ट रूप से कहा है कि धरना प्रदर्शन में शामिल होने वाले सभी लोगों को इन निर्देशों का पालन करना होगा। इनका उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
जंतर-मंतर पर गर्म है माहौल
बीते कई दिनों से जंतर-मंतर पर बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हो रहे हैं। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी सहित कई विपक्षी दलों और छात्र संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया है।
मंगलवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित विपक्ष के कई सांसदों ने निर्वाचन आयोग तक पैदल मार्च निकाला था लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया था। इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आकाशवाणी भवन में धरने पर बैठ गए थे।
कॉकरोच जनता पार्टी ने भी किया है आंदोलन का ऐलान
विपक्षी दलों के साथ ही कॉकरोच जनता पार्टी ने भी 10 अक्टूबर से दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन का ऐलान किया है। विपक्षी दलों, कॉकरोच जनता पार्टी ने कहा है कि जब तक ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते वे धरना प्रदर्शन जारी रखेंगे। ऐसे में नई दिल्ली जिले में कानून व्यवस्था को बनाए रखना पुलिस के सामने भी एक बड़ी चुनौती है और इसे देखते हुए पुलिस ने धरना प्रदर्शन की जगह और वहां पर कितने लोग आ सकते हैं, इस संबंध में स्पष्ट रूप से बता दिया है।
यह भी पढ़ें- जंतर-मंतर पर बिना नेम प्लेट पुलिसकर्मी, जवाबदेही पर सवाल
जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शनों के दौरान दिल्ली पुलिस के कुछ अधिकारियों और जवानों के बिना नेम टैग या नेम प्लेट ड्यूटी करते देखा गया। इनके वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की जवाबदेही को लेकर सवाल उठ रहे हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
