दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा के मामले में अब तक कुल 10 एफआईआर दर्ज की हैं। पुलिस ने बताया कि पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में चार, कनॉट प्लेस पुलिस थाने में तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं।

इसके अलावा मंदिर मार्ग, बाराखंबा रोड और कर्तव्य पथ पुलिस स्टेशनों में भी एक-एक एफआईआर दर्ज की गई है।

दिल्ली पुलिस ने बताया है कि सोमवार को निकाले गए संसद मार्च में नई दिल्ली इलाके में सीजेपी के कार्यकर्ताओं ने अराजकता की और हिंसक घटनाओं को अंजाम दिया। दिल्ली पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों को बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद उन्होंने हिंसा की और पुलिस के द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का उल्लंघन किया।

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन से जुड़े अपडेट्स यहां पढ़ें।

प्रदर्शनकारियों द्वारा आरएएफ के एक जवान का पीछा कर उसके साथ मारपीट किए जाने का वीडियो सामने आने के मामले में भी एफआईआर दर्ज की गई है। वायरल वीडियो में सीजेपी के संसद मार्च के दौरान कई प्रदर्शनकारी आरएएफ के एक जवान को घेरते, उसका पीछा करते और उसके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने बताया कि एफआईआर दर्ज करने के साथ ही हमले में शामिल लोगों की पहचान के लिए जांच की जा रही है।

गृह मंत्रालय ने दिया आदेश

दूसरी ओर, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पश्चिम बंगाल से सीआरपीएफ की 20 अतिरिक्त कंपनियों को राष्ट्रीय राजधानी में बुला लिया गया है। गृह मंत्रालय ने मंगलवार रात को इन कंपनियों को दिल्ली में तत्काल तैनात करने का आदेश दिया था। इसके बाद सीआरपीएफ की इन सभी कंपनियों को पश्चिम बंगाल से विमानों के जरिये दिल्ली लाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि हाल के विरोध-प्रदर्शनों के दौरान हिंसक झड़पों की कई घटनाओं को देखते हुए इन कंपनियों की तत्काल तैनाती जरूरी थी।

यह भी पढ़ें- घायल हुई 21 साल की लड़की वेंटिलेटर पर

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संसद मार्च के दौरान घायल हुई एक युवती राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में वेंटिलेटर पर है। आरएमएल अस्पताल के डॉक्टर्स ने बताया कि युवती का नाम साक्षी है और उसे वेंटिलेटर सपोर्ट की जरूरत है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।

सीजेपी के आंदोलन की और खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें