जिला अदालत के वकीलों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के बाद दिल्ली पुलिस के दो अधिकारियों (जिनमें एक असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस भी शामिल हैं) का तबादला कर दिया गया था। इंडियन एक्सप्रेस को पता चला है कि इसके विरोध में दिल्ली पुलिस के जवान सोमवार सुबह पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करने की योजना बना रहे हैं, जबकि वरिष्ठ अधिकारी उन्हें ऐसा करने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं।

यह विवाद 23 अक्टूबर को शाहदरा पुलिस स्टेशन में हुई एक घटना से शुरू हुआ, जहां हाथापाई के दौरान एक वकील के सिर में गंभीर चोट लग गई थी। वकीलों को आश्वासन दिया गया था कि आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा, लेकिन जब वे 24 अक्टूबर को एफआईआर की कॉपी लेने वापस आए, तो उन्हें बताया गया कि आरोपी को बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया गया है। वकीलों का आरोप है कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान, उनमें से एक ने अपनी लोडेड रिवॉल्वर लहराई और वकीलों को धमकी दी।

इसके बाद जिला अदालत के वकीलों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। इस हफ्ते की शुरुआत में एसीपी (गांधी नगर सब-डिवीजन) मनस्वी वशिष्ठ और शाहदरा पुलिस स्टेशन के स्टेशन हाउस ऑफिसर अरुण कुमार का तबादला ‘महिला एवं बाल विशेष पुलिस इकाई’ में कर दिया गया। इस आदेश के बाद वकीलों ने अपनी हड़ताल खत्म कर दी।

व्हाट्सएप पर मैसेज

हालांकि, तबादलों के बाद दिल्ली पुलिस के व्हाट्एप ग्रुप्स में एक मैसेज वायरल होने लगा। इसमें पुलिसकर्मियों से 2 नवंबर को सुबह 8 बजे पुलिस मुख्यालय के बाहर इकट्ठा होने के लिए कहा गया, ताकि वे इन दोनों अधिकारियों का समर्थन कर सकें और उनकी पुरानी पोस्टिंग बहाल करने की मांग कर सकें।

शुरुआत में दिल्ली पुलिस ने इस जमावड़े को रोकने की कोशिश की, लेकिन जब वे इसमें सफल नहीं हुए, तो अब सभी जिलों के डीसीपी और यूनिट प्रमुखों से कहा गया है कि वे अपने स्टाफ को सोमवार को पुलिस मुख्यालय पहुंचने से रोकें।

एसीपी का वीडियो वायरल

शनिवार को सामने आए एक वायरल वीडियो में एसीपी वशिष्ठ ने अपने साथियों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, “मेरे साथ जो घटना हुई, उसके बाद आप सभी से मिले समर्थन ने मुझे यह महसूस कराया है कि मैं बिल्कुल भी टूटा नहीं हूं। बल्कि, मैं और भी मजबूत हो गया हूं।” यह कहते हुए कि वह प्रदर्शनकारियों के साथ शामिल होंगे उन्होंने आगे कहा, “मेरा सुझाव है कि चूंकि हम एक अनुशासित बल के सदस्य हैं, इसलिए भीड़ इकट्ठा करने के बजाय, हमें पुलिस मुख्यालय में पुलिस कमिश्नर के साथ खुलकर बातचीत करनी चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग इसमें शामिल नहीं हो सकते, उनके लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये इस बातचीत से जुड़ने की सुविधा होनी चाहिए।

एसीपी वशिष्ठ ने आगे कहा, “मैं सीपी के सामने अपनी बात रखना चाहता हूं। हम उनसे मिलकर ये सवाल पूछना चाहते हैं, मेरी अपील है कि जो पुलिसकर्मी जरूरी ड्यूटी पर नहीं हैं, वे सभी इसमें शामिल हों।”

2019 में भी हुआ था ऐसा ही प्रदर्शन

2019 में भी कुछ ऐसी ही स्थिति बनी थी, जब पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद वकीलों द्वारा पुलिसकर्मियों पर किए गए हमलों के विरोध में 2000 से ज्यादा पुलिसकर्मी और उनके परिवार वाले पुलिस मुख्यालय के बाहर इकट्ठा हो गए थे। उस समय दिल्ली पुलिस कमिश्नर अमूल्य पटनायक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से ड्यूटी पर लौटने की कई बार अपील की थी।

यह प्रदर्शन तब खत्म हुआ जब अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को भरोसा दिलाया कि वे कोर्ट में एक पुनर्विचार याचिका दायर करेंगे, घायल पुलिसकर्मियों को मेडिकल सहायता दी जाएगी और घायलों को कम से कम 25000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।

यह भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस की हिरासत में 100 से अधिक प्रदर्शनकारी, चुनाव आयोग के दफ्तर की तरफ कर रहे थे मार्च

दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) के विरोध में प्रदर्शन कर रहे 100 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। ये सभी प्रदर्शनकारी सेंट्रल दिल्ली में भारतीय चुनाव आयोग (ECI) के मुख्यालय की ओर बढ़ रहे थे। यह मार्च सिविल सोसाइटी के ग्रुप पीपल अगेंस्ट SIR की दिल्ली कोऑर्डिनेशन कमेटी ने बुलाया था। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…