राजधानी दिल्ली के उत्तर-पश्चिमी इलाके मुकुंदपुर में शनिवार को गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों पर भीड़ ने हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, भीड़ ने तीन पुलिसकर्मियों पर मिर्च पाउडर, ईंट और लाठी-डंडों से हमला किया। इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। मामले में पुलिस ने 17 साल के एक नाबालिग को पकड़ लिया है। घटना के बाद इलाके में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है और बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बाइक जब्त करने को लेकर हुआ विवाद
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, यह घटना भलस्वा डेयरी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले जनता विहार में हुई। हेड कांस्टेबल दिनेश और राजेश इलाके में गश्त कर रहे थे तभी उन्होंने एक बाइक को रोका और उससे इसके दस्तावेज दिखाने को कहा।
दस्तावेज नहीं होने पर दिल्ली पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया। पुलिस का कहना है कि दिन में लगभग 3:30 बजे मोटरसाइकिल के मालिक और उसके परिवार के लोगों ने इस मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए। थोड़ी देर में ये लोग हिंसा पर उतर आए और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च का पाउडर फेंक दिया और ईटों और लाठी-डंडों से भी उन पर हमला किया।
हेड कांस्टेबल दिनेश के सिर में गंभीर चोट
पुलिसकर्मियों पर हमले का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस का कहना है कि जब अपने साथियों की मदद के लिए हेड कांस्टेबल टीनू वहां पहुंचे तो उन पर भी हमला किया गया। तीनों पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हेड कांस्टेबल दिनेश के सिर में गंभीर चोट आई है।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की तमाम धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने बताया कि इस मामले का मुख्य आरोपी सुनील उर्फ पंकज इलाके का कुख्यात अपराधी है और उसके खिलाफ पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया है कि बाकी हमलावरों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
यह भी पढ़ें- GEN-Z के आंदोलन के बाद दिल्ली पुलिस ने जवानों को क्या निर्देश दिए?
दिल्ली पुलिस के जवानों को न सिर्फ़ नई पीढ़ी के प्रदर्शनकारी से कैसे निपटना है, बल्कि कैसे नहीं निपटना है, इस बारे में भी गाइडलाइन मिली हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
