दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) स्कूल के विद्यार्थियों को कई महीने की देरी के बाद बुधवार को वर्दी और स्कूल बैग के लिए आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया शुरू हो गई और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की ओर से बटन दबाकर पांच लाख विद्यार्थियों के बैंक खातों में 70.69 करोड़ रुपये भेजे गए। दरसअल, प्रतिवर्ष हर छात्र को बैग और वर्दी खरीदने के लिए प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से बैंक खाते में निगम की ओर से 1370 रुपये भेजे जाते रहे हैं। पर अभी भी करीब सवा लाख ऐसे विद्यार्थी हैं, जिन्हें यह राशि नहीं मिली है और जिनको मिली भी है, उनके परिजनों ने बताया कि पहले अप्रैल-मई में मिल जाया करती थी, पर इस बार अक्तूबर में मिली है।

आंकड़ों पर नजर डालें तो नामांकन के लिए 31 अगस्त 2026 की समय सीमा तय किए जाने के बाद 2026-27 शैक्षणिक सत्र के लिए 6,56,950 छात्रों को इस सहायता के लिए पात्र माना गया है। फिलहाल, निगम के पास करीब 5.1 लाख छात्रों के ही बैंक खातों का विवरण उपलब्ध है। पर बुधवार को पांच लाख छात्रों के बैंक खातों में रुपये भेजे गए हैं।

अब भी करीब सवा लाख विद्यार्थी बचे हैं। इस संबंध में निगम के एक अधिकारी का कहना है कि जिन बच्चों के माता-पिता के पास बैंक खाते नहीं हैं। उनके लिए खाते खोलने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, निष्क्रिय या अद्यतन की आवश्यकता वाले खातों के विवरण पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

‘निगम स्कूलों के पांच लाख छात्रों के खातों में 70.69 करोड़ भेजे गए’

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को कहा कि नगर निगम के स्कूलों के पांच लाख से अधिक छात्रों के बैंक खातों में वर्दी और स्कूल बैग खरीदने में मदद के लिए डीबीटी के माध्यम से कुल 70.69 करोड़ रुपये सीधे हस्तांतरित किए गए हैं। एमसीडी के टैगोर गार्डन स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में आयोजित एक समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक शानदार पहल है, जो यह सुनिश्चित करती है कि पूरी पारदर्शिता के साथ हर बच्चे को वह पैसा मिले, जिसका वह हकदार है। गुप्ता ने कहा कि इसके साथ दस एआइ एवं रोबोटिक्स लैब, 1,500 प्रिंटर, साइंस आन व्हील्स और 60 क्रोमबुक जैसी आधुनिक सुविधाओं की भी शुरुआत की गई।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार और एमसीडी, स्कूलों में शैक्षणिक सुविधाओं में सुधार के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में साइंस आन व्हील्स पहल पर भी प्रकाश डाला, जिसके तहत 60 लैपटॉप से लैस एक मोबाइल वैन विभिन्न स्कूलों का दौरा करेगी, ताकि छात्रों को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के बारे में सीखने में मदद मिल सके। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, निगम महापौर प्रवेश वाही और उप महापौर मोनिका पंत भी उपस्थित थे।

नए नामांकन व डाक घर वालों को दिक्कत

दिल्ली नगर निगम में शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा ने कहा कि हर साल निगम के पहली कक्षा में बड़ी संख्या में विद्यार्थी प्रवेश लेते हैं। इनमें से कई ऐसे होते हैं, जिनका आधार कार्ड नहीं होता। बैंक से संबंधित दस्तावेज भी उनके पास नहीं होते। पहले उनका दस्तावेज बनवाया जाता है। इसके लिए शिविर लगाने के साथ-साथ शिक्षक भी बच्चों के माता-पिता से संपर्क करते हैं। डाक घर वाले बैंक खातों में केवाईसी की दिक्कत होती है, जिसे जल्दी ही करवाया लिया जाएगा। निगम अब यह सुनिश्चित करने के लिए प्रयास कर रहा है कि जिन बच्चों आर्थिक मदद नहीं मिली पाई है, उन्हें भी डीबीटी के तहत मिलने वाली 1370 रुपये की आर्थिक मदद जल्दी से जल्दी मिले।

देरी हुई, सूचना नहीं मिली है

मयूर विहार, चिल्ला स्थित दिल्ली नगर निगम के स्कूल में पांचवीं की छात्रा अनुराधा के पिता राजेश ने कहा कि आर्थिक मदद इस बार देरी से मिली है। पहले अप्रैल-मई में बैंक खाते में रुपये भेजा जाता था। वहीं, तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले धीरू कुमार की मां अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि बैंक खाता में रुपये नहीं आए हैं। यदि आते तो स्कूल के वाट्सएप समूह में जानकारी साझा की जाती। वहीं, पहली कक्षा के छात्र पंकज की मां ने बताया कि बैंक घर में खाता खुला है। पर निगम की ओर से रुपये नहीं मिले हैं। डाक घर जाने पर ही पता चलेगा क्या दिक्कत है। कुछ बच्चों के बैंक खाते में रुपये आए हैं। वहीं, न्यू अशोक नगर स्थित निगम स्कूल के पांचवीं के छात्र रमेश ने कहा कि इस साल देरी हो गई है।

यह भी पढ़ें: सैंडविच की थी उम्मीद, टिफिन में मिली आलू की सब्जी, मासूम बच्ची का रिएक्शन हुआ वायरल

स्कूल में जब मां का दिया टिफिन बॉक्स खुलता है, तो दिल में मनपसंद सैंडविच की उम्मीद होती है… लेकिन जब उसमें से निकली आलू की सब्जी, तो मासूमियत से भरा रिएक्शन आना तो तय है! सोशल मीडिया पर इन दिनों एक छोटी सी बच्ची का वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसने अपनी मासूम सी निराशा और क्यूट एक्सप्रेशन्स से लाखों लोगों का दिल जीत लिया है। सैंडविच की जगह आलू की सब्जी मिलने पर बच्ची ने जिस अंदाज़ में अपनी प्रतिक्रिया दी, उसे देखकर आप भी अपनी हंसी नहीं रोक पाएंगे… पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक