दिल्ली के राशनकार्डधारकों के लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा भेजे जा रहे संदेशों ने नागरिकों में भारी चिंता पैदा कर दी है। पिछले दस दिनों से मोबाइल पर संदेश भेजे जा रहे हैं कि जिनके पास वाहन, जमीन या किसी कंपनी में पद है, उनका राशनकार्ड 31 जनवरी तक आय प्रमाण पत्र जमा न करने पर निरस्त कर दिया जाएगा। हालांकि, इनमें कई ऐसे कार्डधारक भी शामिल हैं जिनके पास न वाहन है, न जमीन है, न किसी कंपनी में कोई पद है, फिर भी उन्हें यह संदेश मिला है।
1.20 लाख आय वालों का बन सकेगा राशन कार्ड, दिल्ली की रेखा सरकार का बड़ा फैसला
कृष्णा कालोनी कैंप के अशोक तिवारी ने बताया कि वे बीते 20 साल से झुग्गियों में रहते हैं और उनके पास कोई जमीन नहीं है। बावजूद इसके विभाग ने उन्हें कई बार एसडीएम कार्यालय जाने के लिए बाध्य किया। उन्होंने कहा कि राशनकार्ड परिवार के लिए बेहद जरूरी है, इससे जीवनयापन आसान होता है।
प्रमाण पत्र बनवाने में दलाल तीन से चार हजार रुपए मांग रहे हैं, हमारे जैसे गरीब परिवारों के लिए यह असंभव है। आरकेपुरम के बीएस कैंप की सोना ने कहा कि उनके पास ना मकान है, ना वाहन, फिर भी उन्हें निरस्तीकरण का संदेश मिला। ऐसे संदेशों ने गरीब और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को डर और असमंजस में डाल दिया है।
खाद्य आयुक्त को पत्र लिखा
दिल्ली सरकारी राशन डीलर्स संघ ने इस समस्या को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, खाद्य मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और खाद्य आयुक्त प्रशांत गोयल को पत्र लिखा है। यूनियन ने बताया कि अधिकांश कार्डधारक यह प्रमाण पत्र इतनी कम अवधि में कहां से बनवाएं, इसे लेकर बेहद परेशान हैं।
अपर आयुक्त अरुण कुमार झा ने कहा कि जिनका राशनकार्ड सही है, वे जिला सहायक आयुक्त के पास जाकर दस्तावेज दिखाकर समय ले सकते हैं। विभाग ने 31 जनवरी तक आय प्रमाण पत्र जमा करने की अंतिम तिथि तय की है, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर इसे बढ़ाने का विकल्प भी खुला है।
