दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को हुई 2 घंटे की मूसलाधार बारिश लोगों के लिए राहत के साथ-साथ आफत भी बन गई। दिल्ली और नोएडा के कई इलाकों में भारी जाम की समस्या देखने को मिल रही है। साथ ही जगह-जगह जलभराव हो गया है। नोएडा सेक्टर 16 मेट्रो स्टेशन के नीचे तो एक हादसा हो गया जिसमें एक व्यक्ति के घायल होने की जानकारी है। दरअसल, बारिश की वजह से मेट्रो स्टेशन के नीचे 50 मीटर लंबा डिवाइड का एक हिस्सा ही ढह गया। इस घटना के एक व्यक्ति के चोट लगने की जानकारी है। डिवाइडर के ढह जाने की घटना के बाद वहां जाम की स्थिति बन गई। मौके पर ट्रैफिक पुलिस ने स्थिति को संभाला।

मौके पर अफसरों ने संभाली स्थिति

घटनास्थल पर एसीपी (ACP) खुद मौजूद रहे और उन्होंने हालात का जायजा लिया। इसके साथ ही संबंधित थाने के एसएचओ (SHO) भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभालने में जुट गए। नोएडा अथॉरिटी के अफसर भी मौके पर पहुंचे और डिवाइडर गिरने की वजह और नुकसान का आकलन करना शुरू किया। फिलहाल इस हादसे को लेकर प्रशासन की टीम जांच में जुटी हुई है। मौके पर मौजूद अधिकारी पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अभी घायल व्यक्ति के बारे में जानकारी नहीं आई है।

सेक्टर 4 में गाड़ी पर गिरा पेड़ और खंभा

एक और घटना नोएडा के ही सेक्टर 4 में बारिश की वजह से एक पेड़ और बिजली का खंभा भी उखड़ गया और सड़क किनारे खड़ी दो गाड़ियों पर जा गिरा। इस हादसे में गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। गनीमत ये रही कि जब पेड़ और खंभा गाड़ी पर गिरा तो उस वक्त गाड़ी में कोई था नहीं।

अगले दो दिन बारिश की संभावना

बता दें कि मौसम विभाग ने दिल्ली और आसपास के इलाकों में अगले दो दिन भारी बारिश की संभावना जताई है। IMD के अनुसार, अगले दो दिन तक दिल्ली-एनसीआर में काले बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान हल्की फुलकी बारिश होने की संभावना है। वहीं देश में अन्य राज्यों में भारी बारिश होने का अनुमान है। बुधवार को दिल्ली में सुबह से दोपहर के बीच ज्यादातर जगहों पर हल्की बारिश और और कुछ जगहों पर मध्यम हो सकती है। शाम और रात में भी हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 33-35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23-25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

अन्य राज्यों में भी बारिश के आसार

वहीं गुरुवार को भी बादल छाए रहेंगे और अधिकांश इलाकों में हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23-25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। IMD के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव वाले क्षेत्र के प्रभाव से ऑडिशा, छतीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल और बिहार में आज और अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश होने ही अनुमान है।

मानसून में ग्रोसरी शॉपिंग करते समय रखें ध्यान, जानें किन 5 चीजों को करें स्टॉक और किन से बनाएं दूरी
कई लोग बारिश के मौसम में एक साथ ज्यादा ग्रोसरी खरीद लेते हैं, ताकि बार-बार बाजार जाने की झंझट से बचा जा सके। लेकिन कई बार मानसून में खाने-पीने की चीजें जल्दी खराब हो जाती हैं और फिर हमें उन्हें कचरे में फेंकना पड़ता है। कई चीजें ऐसी होती हैं, जो नमी और उमस की वजह से जल्दी खराब होने लगती हैं। अगर कुछ चीजों को सही तरीके से रखा जाए, तो वे लंबे समय तक चल सकती हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर…