दिल्ली एनसीआर में दीवाली और ठंड के आगमन से पहले ही एयर क्वालिटी खराब होनी शुरू हो गई है। इसके मद्देनजर सोमवार को पूरे दिल्ली एनसीआर में तत्काल प्रभाव से GRAP स्टेज II लागू कर दिया गया है।
CAQM यानी कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट के मुताबिक, सोमवार 2 नवंबर की सुबह राजधानी दिल्ली की हवा बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। ओवरऑल एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 428 दर्ज की गई है। सुबह से ही कई हिस्सों में धुंध की मोटी परत देखने को मिला, जिससे विजिबिलिटी खासा कम हो गई।
एयर क्वालिटी गिरकर ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंची
CAQM की मानें तो राष्ट्रीय राजधानी समेत पूरे एनसीआर में हवा की गुणवत्ता गिरकर ‘बहुत खराब’ (very poor) श्रेणी में आ गई है।
CAQM ने अपने आदेश में आगे विस्तृत जानकारी देते हुए बताया है कि दिल्ली का AQI 31 अक्टूबर को 117 था, जो 1 नवंबर को बढ़कर 261 हो गया और सोमवार को “प्रतिकूल मौसम स्थितियों” के बीच और बढ़कर 324 पर पहुंच गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, सोमवार को इंडिया गेट और जनपथ के आस-पास के इलाके में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 335 दर्ज किया गया। आईटीओ में AQI 349 रिकॉर्ड दर्ज हुआ, जबकि अक्षरधाम मंदिर के पास का AQI 349 रहा।
लागू हुआ GRAP- II
इसके बाद GRAP स्टेज II लागू कर दिया गया है। इसके तहत, अधिकारियों को धूल से होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए उपाय तेज करने होंगे और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देना होगा। इन उपायों के हिस्से के रूप में पार्किंग शुल्क भी बढ़ाया जाएगा।
इधर सोमवार को नई दिल्ली के गाजीपुर में, प्रदूषण रोकने के लिए GRAP (ग्रैप्ड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान) लागू होने के बाद की जा रही चेकिंग की वजह से दिल्ली-उत्तर प्रदेश बॉर्डर पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया।
किन पर लगी रोक?
GRAP के इस चरण की पाबंदियों के तहत, कोयले और जलाऊ लकड़ी के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है (जिसमें होटलों और रेस्तरां के तंदूर भी शामिल हैं)। इसके अलावा, डीजल जनरेटर सेट के इस्तेमाल को भी काफी हद तक नियंत्रित किया गया है। साथ ही, निजी वाहनों के इस्तेमाल को कम करने के लिए पार्किंग शुल्क बढ़ा दिया जाएगा। वहीं, स्थानीय निकाय NCR की सड़कों पर मशीनों से सफाई और धूल को दबाने वाले रसायनों के साथ पानी के छिड़काव का काम तेज कर देंगे।
कई राज्यों में बारिश के आसार
एक तरफ जहां दिल्ली एयर पॉल्यूशन की समस्या से जूझ रही है तो दूसरी ओर कई राज्यों में बारिश और आंधी का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, देश के 18 राज्यों में बारिश, तेज बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी है। मौसम में इस बदलाव की वजह बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र है। इसके वजह से चक्रवात मुरासु 3 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है।
यह भी पढ़ें: ‘प्रदर्शनकारियों की तरह बर्ताव न करें’, दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर इकट्ठा हुए जवान, कर रहे विरोध-प्रदर्शन
दिल्ली पुलिस मुख्यालय के गेट नंबर 1 के बाहर सोमवार सुबह तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला। यहां करीब 80 पुलिसकर्मी फुटपाथ पर खड़े होकर दो पुलिस अधिकारियों के तबादले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, जबकि वरिष्ठ अधिकारी उन्हें प्रदर्शन खत्म करने के लिए मनाने की कोशिश कर रहे थे। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
