MCD Polls: दिल्ली MCD चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही आम आदमी पार्टी (AAP) दिल्ली में सत्ता में आने के बाद से अपने प्रदर्शन के आधार पर जीत की उम्मीद कर रही है। मतदान से पहले दिल्ली में मतदाता का मिजाज क्या संकेत देता है? सीएसडीएस-लोकनीति ने सरकार के प्रदर्शन और उनकी प्राथमिकताओं पर नागरिकों की राय का आकलन करने के लिए एक सर्वे किया। सर्वे के रुझान कुछ दिलचस्प नतीजों की ओर इशारा करते हैं।
दिल्ली का राजनीतिक परिदृश्य पूरी तरह से बदल गया है। 2012 में जहां कांग्रेस (Congress) और BJP के बीच बाइपोलर मुकाबला था, जिसमें बीजेपी ने भारी बढ़त हासिल की थी। वहीं, 2017 में यह मुक़ाबला बाइपोलर से भाजपा, आप और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबले में बदल गया। जिसमें भाजपा फिर से दौड़ में सबसे आगे थी। वहीं। नए सर्वे के मुताबिक, दिल्ली के लोगों के राजनीतिक मिजाज और पसंद में बदलाव आया है। ऐसा लगता है कि आगामी चुनाव में आप और भाजपा के बीच सीधी लड़ाई होगी। दोनों के बीच मुकाबले में आप बीजेपी से आगे नजर आ रही है। वहीं कांग्रेस तीसरे स्थान पर खिसकती दिखाई दे रही है।
AAP और BJP के बीच मुक़ाबला: आप और बीजेपी के बीच चुनाव और आप के प्रदर्शन का आकलन करने की बात आती है, तो मतदाताओं के बीच एक स्पष्ट विभाजन दिखाई दे रहा है। जहां उच्च जाति पृष्ठभूमि के लोग और दिल्ली के अपेक्षाकृत संपन्न इलाकों में रहने वालों के आप की अपेक्षा भाजपा को चुनने की अधिक संभावना है। वहीं, सामाजिक रूप से निचले माने जाने वाले हिस्से का झुकाव आप की ओर है।
सर्वे के अनुसार, चुनाव से 10 दिन पहले तक लोगों का मानना था कि आप बीजेपी से 5 से 7 प्रतिशत वोटों से आगे रहेगी। लोगों ने अंदेशा जताया कि भाजपा दूसरे स्थान पर रहेगी और उसे 36-39% वोट मिल सकते हैं। वहीं, सर्वे के मुताबिक, कांग्रेस तीसरे स्थान पर रहेगी और उसे 9-12% वोट मिलने के चांस हैं।
अन्य जातियों में आप का जनाधार भाजपा से ज्यादा: भाजपा उच्च हिंदू जातियों का समर्थन हासिल करने की कोशिश कर रही है। हालांकि, उच्च हिंदू जातियों के मतदाताओं का एक महत्वपूर्ण हिस्सा आप और अन्य दलों को पसंद करता है। वहीं, अन्य जातियों में आप का जनाधार भाजपा से अधिक था। सर्वे के अनुसार, मुस्लिम समुदायों के पांच में से तीन मतदाता और अन्य धार्मिक अल्पसंख्यकों के तीन में से दो मतदाता ने आप को वोट देना पसंद किया। हालांकि एक चौथाई से अधिक मुस्लिम मतदाताओं ने कांग्रेस को तरजीह दी।
AAP ने अपना अधिकांश समर्थन गरीब और निम्न वर्ग से प्राप्त किया। महिला मतदाताओं का झुकाव भी आप की ओर अधिक है। उनमें से आधे ने कहा कि वे एमसीडी चुनाव में आप को वोट देंगीं जबकि 37% ने बीजेपी को वोट देने को प्राथमिकता दी।
(By- Sandeep Shastri)