उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद 26 वर्षीय एक युवक की कैंची से गोदकर हत्या कर दी गई। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पैसे के लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, आठ मार्च को नई सीमापुरी में हुए झगड़े की सूचना मिली थी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अधिकारी ने कहा कि पूछताछ के दौरान टीम ने पाया कि पैसे के लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद, पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी की मदद से आरोपी जावेद को पकड़ लिया गया और कैंची भी बरामद कर ली गई है।
आरोपी जावेद उर्फ गुंडा (28) की पैसों के विवाद को लेकर रकीबुल (26) और आमिर (27) के साथ तीखी बहस हुई थी। इस दौरान जावेद ने दोनों पर कैंची से हमला कर दिया जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां रकीबुल की जान बच गई जबकि आमिर की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई जिसने इलाके के कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। फुटेज में आरोपी हमले के बाद इलाके में घूमता हुआ दिखाई दे रहा था। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी विश्लेषण की मदद से न्यू सीमापुरी के एक झुग्गी बस्ती इलाके से जावेद को पकड़ लिया गया और अपराध में इस्तेमाल की गई कैंची भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के मुताबिक, जावेद पढ़ा लिखा नहीं है और उसका आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी सीमापुरी थाने में दर्ज कम से कम दो आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें – दिल्ली: नरेला में खड़ी कार बनी काल; दो भाइयों की दम घुटने से मौत, पुलिस को मिले शराब के पाउच
दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र में एक खड़ी कार के अंदर दो लोगों के शव मिले हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों रिश्ते के भाई थे और प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उनकी मौत दम घुटने के कारण हुई है। उत्तर बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने बताया कि जानकारी मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और पाया कि एक सफेद कार खड़ी थी। पूरी खबर पढ़ें…
