दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने पार्कों में मॉर्निंग वॉक करने वालों को बड़ी राहत दी है। एलजी ने दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) को निर्देश दिया है कि डीडीए के पार्कों, हरियाली क्षेत्रों और धरोहर स्थलों में सुबह 10 बजे तक सैर करने वालों के लिए एंट्री फीस माफ कर दी जाए।
इस पहल के अंतर्गत आने वाले पार्क और स्थलों में महरौली पुरातत्व पार्क, बांसेरा, असिता, क्रांति उद्यान, वाटिका, अटल सद्भावना पार्क, वासुदेव घाट, वैष्णवी पार्क, सेक्टर 16-डी द्वारका स्थित डीडीए ग्रीन, अमृत जैव विविधता पार्क, लाला हरदयाल पार्क (जसोला) और स्मृति वन (नरेला) शामिल हैं।
DDA ने स्पष्ट किया है कि उसके अन्य सभी पार्क आम जनता के लिए पहले से ही निशुल्क खुले हुए हैं। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के विजन के अनुरूप की गई है। इस फैसले का उद्देश्य नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना और सार्वजनिक भागीदारी बढ़ाना है। इससे मॉर्निंग वॉक, जॉगिंग और अन्य आउटडोर फिटनेस गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
दिल्ली में सरकारी कर्मचारियों को हफ्ते में दो दिन वर्क फ्रॉम होम
वहीं, दूसरी ओर रेखा गुप्ता सरकार ने दिल्ली में सरकारी कर्मचारियों को हफ्ते में दो दिन वर्क फ्रॉम होम की सहूलियत देने का ऐलान किया है। प्राइवेट सेक्टर को भी कम से कम हफ्ते में दो दिनों के लिए वर्क फ्रॉम होम अनिवार्य करने के लिए कहा जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा जितनी जरूरत है, उतने ही वाहनों का इस्तेमाल किया जाएगा और जहां भी पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल संभव है, वहां किया जाएगा। इसके अलावा अधिकारियों को मिलने वाले पेट्रोल-डीजल में 20% की कटौती की जाएगी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मितव्ययिता उपायों की अपील के मद्देनजर राजधानीवासियों से निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल कर देशहित में सक्रिय भागीदारी निभाने का बुधवार को आग्रह किया था। दिल्ली सरकार ने विभागीय कार्यों के लिए सरकारी वाहनों के उपयोग को सीमित करने का निर्णय लिया है। सीएम ने कहा था कि इन विशेष परिस्थितियों में सरकार के सभी कैबिनेट मंत्री, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के सभी विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि, दिल्ली सरकार के सभी विभागों के अधिकारी भी जरूरत अनुसार वाहनों का न्यूनतम उपयोग कर रहे हैं। इसके साथ ही वे ‘कारपूल’ (वाहन साझा करने) और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देंगे।
पीएम मोदी की अपील
पश्चिम एशिया संकट के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को मितव्ययिता अपनाने पर जोर दिया था। प्रधानमंत्री ने पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने, शहरों में मेट्रो रेल सेवाओं का उपयोग करने, कारपूलिंग अपनाने, इलेक्ट्रिक वाहनों के अधिक इस्तेमाल, पार्सल ढुलाई के लिए रेलवे सेवाओं का उपयोग करने और ‘वर्क फ्रॉम होम’ (घर से काम करने) को बढ़ावा देने का सुझाव दिया था। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
