Delhi Kanjhawala Death Case: देश की राजधानी दिल्ली में नए साल के जश्न (New Year Celebrations) के दौरान देर रात कंझावला में हुई वारदात में एक लड़की को कार से 10 से 12 किलोमीटर तक घसीटा गया। लड़की की मौत हो गई। वहीं अब इस मामले में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने बताया कि स्कूटी पर एक और लड़की सवार थी और उसे भी चोट लगी है। लेकिन वो वहां से भाग गई। वहीं होटल मैनेजर ने चौंकाने वाला दावा किया है।
CCTV Footage में सामने आई घटना
दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने कहा कि हादसे के वक्त स्कूटी पर एक और लड़की थी। दिल्ली पुलिस ने कहा, “जब हमने मृतक के रास्ते का पता लगाया, तो पता चला कि वह अपनी स्कूटी पर अकेली नहीं थी। हादसे के वक्त उसके साथ एक लड़की थी। वह घायल हो गई और मौके से भाग गई लेकिन मृतक का पैर कार में फंस गया, जिसके बाद उसे घसीटा गया।”
इस घटना से जुड़ा उस रात का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इस फुटेज में मृतक लड़की अपनी दोस्त के साथ होटल से निकल रही है और दोनों लड़कियां स्कूटी पर बैठ रही हैं। वहीं पुलिस ने कहा है कि जिस लड़की को चोट लगी है, उसने भी कुछ दूर तक स्कूटी चलाई थी। बाद में मृतक लड़की स्कूटी चलाने लगी थी।
दोनों लड़कियों का हुआ था झगड़ा
वहीं जिस होटल में लड़की गई थी, उसके मैनेजर ने समाचार चैनल आजतक से बात करते हुए कहा कि लड़की के साथ 5-7 लोग और थे। दोनों लड़कियों के बीच कहासुनी हुई थी। मैनेजर ने कहा कि दोनों लड़कियां पहले भी होटल आती रहती हैं और जब दोनों लड़कियों के बीच झगड़ा हुआ तो दोनों को नीचे भेज दिया गया।
होटल मैनेजर ने कहा, “वो दोनों बहस कर रही थीं तब नाइट वाले मैनेजर ने उनको कहा कि लड़ो मत, फिर वो नीचे जाकर लड़ने लगीं। नीचे जब वो लड़ रही थीं तो आस-पड़ोस वालों ने भी उन्हें रोका जिसके बाद वो स्कूटी पर बैठकर चली गईं।”
कंझावला थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक मामले के बाद पुलिस ने कार सवार 5 युवकों की गिरफ्तारी के बाद इसे प्रथम दृष्टया एक्सीडेंट कहा है। वहीं जान गंवाने वाली स्कूटी सवार लड़की के परिवार वालों ने इस मामले में आपराधिक घटना की आशंका जताते हुए गहन जांच की मांग की है।