दिल्ली सरकार दिवाली और छठ के त्योहारों के बाद प्रदूषण से निपटने के लिए कृत्रिम बारिश कराने की योजना बना रही है। इसके लिए सरकार ने हवाई अड्डे के पास दो बार परीक्षण भी किए हैं।

सूत्रों के मुताबिक, पिछले दो हफ्तों के दौरान ये परीक्षण किए गए। इनका मकसद मौसम की स्थिति का आकलन करना और यह पता लगाना था कि कृत्रिम बारिश का कितना असर हो सकता है।

द इंडियन एक्सप्रेस को सूत्रों ने बताया कि सरकार दिवाली और छठ के दौरान भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) की मदद से कुछ और परीक्षण कर सकती है।

विभिन्न अध्ययनों के अनुसार, कृत्रिम बारिश से धूल और धुएं के कण बारिश के पानी के साथ जमीन पर आ सकते हैं। इससे धूल के प्रदूषण को कम करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, यह तरीका कितना सफल होगा, यह उस समय के मौसम और आसपास के वातावरण पर निर्भर करता है।

इस बारे में पूछे जाने पर दिल्ली के पर्यावरण विभाग के अधिकारियों ने न तो परीक्षण किए जाने की पुष्टि की और न ही सरकार की योजना के बारे में कोई जानकारी दी।

पिछले साल भी दिल्ली सरकार ने अक्टूबर और नवंबर के बीच कृत्रिम बारिश के परीक्षण किए थे। हालांकि, जमीन पर इसका कोई खास असर देखने को नहीं मिला था।

क्या है कृत्रिम बारिश कराने की तकनीक?

पिछले साल अक्टूबर में कृत्रिम बारिश का परीक्षण सेसना 206एच नाम के एक छोटे विमान के जरिए किया गया था। इस विमान ने आईआईटी कानपुर की हवाई पट्टी से उड़ान भरी और मेरठ में उतरा। इसके बाद इसने दिल्ली के ऊपर उड़ान भरते हुए बुराड़ी, मयूर विहार और उत्तरी करोल बाग समेत कई इलाकों को परीक्षण के लिए कवर किया।

पुणे स्थित भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के 2024 के एक दस्तावेज के मुताबिक, कृत्रिम बारिश कराने के लिए अनुकूल बादलों में कुछ खास पदार्थों के छोटे-छोटे कण छोड़े जाते हैं। ये कण बादलों में पानी की बूंदें बनने और बारिश बढ़ाने में मदद करते हैं। दुनिया में पहली बार इस तकनीक का परीक्षण 1940 के दशक में किया गया था।

इसके लिए बादलों में सिल्वर आयोडाइड, पोटैशियम आयोडाइड या सोडियम क्लोराइड जैसे पदार्थों का छिड़काव किया जाता है। ये पदार्थ वाष्प को अपनी ओर खींचते हैं। इससे उनके आसपास पानी की छोटी-छोटी बूंदें बनने लगती हैं। धीरे-धीरे ये बूंदें आपस में मिलकर बड़ी और भारी हो जाती हैं और बारिश के रूप में जमीन पर गिरती हैं। इन पदार्थों को बादलों तक पहुंचाने के लिए विमान या जमीन पर लगाए गए खास उपकरणों का इस्तेमाल किया जाता है।

सामान्य बारिश और कृत्रिम बारिश में क्या अंतर है?

सामान्य बारिश में हवा में मौजूद वाष्प छोटे-छोटे धूल या दूसरे कणों के आसपास जमा होकर पानी की बूंदें बनाती है। ये बूंदें आपस में टकराकर बड़ी होती जाती हैं। जब वे इतनी भारी हो जाती हैं कि बादलों में टिक नहीं पातीं, तो बारिश के रूप में नीचे गिरने लगती हैं।

कृत्रिम बारिश में बादलों के भीतर कुछ खास पदार्थों के छोटे-छोटे कण छोड़े जाते हैं। ये कण पानी की भाप को अपनी ओर खींचते हैं, जिससे पानी की बूंदें या बर्फ के छोटे-छोटे कण बनने लगते हैं।

कुछ कणों के आसपास पानी की बूंदें बनती हैं, जबकि कुछ पर पानी जमकर बर्फ के छोटे क्रिस्टल बना लेता है। ये बर्फ के क्रिस्टल पानी की बूंदों के मुकाबले तेजी से बड़े होते हैं। जब वे काफी भारी हो जाते हैं, तो बारिश या बर्फ के रूप में नीचे गिरते हैं। इस तरह कृत्रिम बारिश में बादलों के भीतर मौजूद पानी को बरसाने में मदद की जाती है।

यह भी पढ़ें-दिल्ली में 400 पार पहुंचा AQI, खतरनाक श्रेणी में प्रदूषण का स्तर; एनसीआर में GRAP 2 के प्रतिबंध लागू

नवंबर का महीना शुरू होते ही राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का स्तर ‘खतरनाक’ श्रेणी में जा पहुंचा है। मंगलवार को दिल्ली का ओवरऑल एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 451 तक पहुंच गया और इसी के साथ दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप 2 प्रतिबंध को लागू कर दिया गया। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।