राजधानी दिल्ली के कई क्षेत्रों में सरकारी राशन की दुकानों पर बीते कई दिनों से बेहद घटिया, फफूंद लगा हुआ अनाज आपूर्ति किए जाने का मामला सामने आया है।
स्थिति इतनी गंभीर है कि अनाज पशुओं के खाने लायक भी नहीं बचा है। गीली बोरियों में फफूंद लगा हुआ राशन है, जिसमें काले थक्के बने हुए हैं। बिना गुणवत्ता की जांच किए भेजे जा रहे इस खाद्यान्न के चलते कोटाधारकों व राशन कार्डधारियों में परस्पर विरोध भी उत्पन्न हो रहा है। जबकि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग कोटाधारकों द्वारा की गई शिकायतों पर मौन है।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड (डीएससीएससी) बिना खाद्यान्न की गुणवत्ता की जांच किए ही भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के गोदामों से खाद्यान्न उठान कर सरकारी राशन की दुकानों पर आपूर्ति कर रही है।
बाहरी दिल्ली जिला, पूर्वी दिल्ली जिला व उत्तर-पूर्वी जिला में शिकायतें ज्यादा
बारिश का मौसम होने की वजह से अधिकतर बोरियां गीली होने व रखरखाव का अभाव होने की वजह से इनमें फफूंद लग गई है और गेहूं खराब होने की वजह से उसमें काले-काले थक्के बन गए हैं। खासकर बाहरी दिल्ली जिला, पूर्वी दिल्ली जिला व उत्तर-पूर्वी जिला की कई राशन की दुकानों से इस प्रकार की शिकायतें प्राप्त हुई हैं।
सर्किल-4 व सर्किल-68 के कोटाधारकों ने बताया कि वे इस बाबत विभाग को खबर कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जबकि हमने पैक की गई बोरियों को खोलते हुए उनमें से निकलने वाले खराब खाद्यान्न का वीडियो भी बनाकर विभाग को भेजा है।
इस बाबत पूछे जाने पर नरेला की एक राशन कार्डधारी उर्मिला देवी ने कहा कि ऐसा गेहूं आया है, जिसे जानवर भी नहीं खा सकते, तो इंसान कैसे खाएंगे। राशन की दुकान वाले कह रहे हैं कि पीछे से ऐसा ही आया है। अब मुफ्त में बांट रहे हैं तो क्या इतना गंदा राशन देंगे।
वहीं, एक अन्य राशन कार्डधारी सुमित ने कहा कि राशन लेने आए हैं, बीमारी नहीं, जो इतना गंदा राशन दिया जा रहा है। ये अगर ले भी जाएंगे, तो इसका करेंगे क्या? वहीं, कोटाधारकों की यूनियन दिल्ली सरकारी राशन डीलर्स संघ (डीएसआरडीएस) का कहना है कि डीएससीएससी को चाहिए कि वह उठान से पहले जांच ले कि खाद्यान्न खाने लायक है भी या नहीं।
ये पहली बार नहीं, बल्कि हर साल मानसून के मौसम में होने वाली बड़ी परेशानी है, जिससे राशन लाभार्थियों और कोटाधारकों के बीच विवाद की स्थिति भी बन जाती है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में राशन कार्ड के नियम बदलेंगे: अब ढाई लाख तक आय वाले परिवारों को फायदा, सीएम रेखा गुप्ता ने किया ऐलान पूरी
नए राशन कार्ड बनाने के लिए अब नए नियमों के तहत राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दिल्ली सरकार की ओर से इसको लेकर पूरी प्रक्रिया को डिजिटल मोड में रखा गया है। आवेदक नए राशन कार्ड बनवाने के लिए अब केवल ऑनलाइन ही आवेदन कर सकेंगे। खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
