महाराष्ट्र में iPhone की किश्त देने को लेकर हुए विवाद में पहाड़ी से कूदकर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत के बाद देश की राजधानी दिल्ली से भी ऐसा ही चौंकाने वाला एक मामला सामने आया है जहां एक 30 साल के युवक ने यमुना में छलांग लगा दी। यह घटना दक्षिण-पूर्वी जिले की है। जानकारी के मुताबिक, आत्महत्या की कोशिश करने वाला युवक पेशे से डांस टीचर है और दो बच्चों का पिता है। हालांकि उसकी जान बचा ली गई।

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, यह घटना बीते शुक्रवार को ही हुई है। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 8.30 बजे कालिंदी कुंज इलाके में भोला घाट के पास एक युवक (दीपक कुमार) ने iPhone की EMI देने में आ रही कठिनाई की वजह से परेशान होकर यमुना में छलांग लगा दी। पुलिसवालों ने उस युवक को तब देखा था जब वह वहां पेट्रोलिंग कर रहे थे।

फ्लड डिपार्टमेंट ने मौके पर पहुंचकर बचाया

पुलिसवालों को जब पता चला कि एक युवक यमुना में कूद गया है तो मौके पर पहुंची एक टीम ने फ्लड डिपार्टमेंट को इन्फॉर्म किया, जिसके बाद एक रेस्क्यू टीम नाव लेकर पहुंची। दीपक कुमार नाम के उस आदमी को नदी में देखा गया और उसे सुरक्षित जगह पर लाया गया। पुलिस ने बताया कि दीपक कुमार ओखला की संजय कॉलोनी का रहने वाला है और पेशे से एक डांस टीचर है। उसके परिवार में पत्नी और दो बच्चे भी हैं।

युवक ने पुलिस पूछताछ में क्या बताया

युवक को बचा लेने के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की तो पता चला कि कुछ महीने से उसकी आमदनी कम हो गई थी जिसकी वजह से वह Iphone की किश्त भरना मुश्किल हो गया था। आर्थिक तंगी की वजह से परेशान होकर ही उसने आत्महत्या करने का फैसल किया। पुलिस ने दीपक कुमार की काउंसलिंग की और उसे घर भेजने से पहले उसकी पत्नी और साले को पुलिस स्टेशन बुलाया।

महाराष्ट्र में तो पूरा परिवार ही खत्म हो गया

दिल्ली से पहले महाराष्ट्र से सामने आये एक मामले ने तो पूरे देश को हिलाकर कर रख दिया है, जहां एक 18 साल के लड़के की गलती की वजह से उसके मां और बाप भी साथ में मारे गए। दरअसल, संभाजीनगर में एक लड़के भी इसी वजह से पहाड़ी से कूदकर जान दे दी। उस लड़के को बचाने के चक्कर में उसके पिता भी पहाड़ी से गिर गए और फिर उसकी मां ने भी छलांग लगा दी। एक ही परिवार के तीनों लोगों की मौत हो गई। इस हादसे से पहले उसे बचाने की कोशिश हुई जिसको लेकर 3 घंटे तक पहाड़ी पर ड्रामा भी चला। इस घटना का वीडियो भी इंटरनेट पर वायरल है।

यह भी पढ़ें: ‘मुझे मरना ही होगा, यही रास्ता बचा है…’, महाराष्ट्र में iPhone की EMI को लेकर हुआ झगड़ा और खत्म हो गया परिवार, महाराष्ट्र में पहाड़ी से गिरकर बेटे और मां-बाप की मौत

महाराष्ट्र के एक परिवार में iPhone की EMI के भुगतान को लेकर शुरू हुए झगड़े का अंत बेहद दुखद तरीके से हुआ। इस घटना में बेटे, पिता और मां की मौत हो गई। यहां पढ़ें पूरी खबर…