मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से दिल्ली के यूपीएससी कोचिंग इंस्टीट्यूट की डायरेक्टर का अपहरण कर बंधक बनाने और लगभग 2 करोड़ रुपए ट्रांसफर करवाने का मामला सामने आया है। हालांकि, पुलिस ने इस साजिश को नाकाम करने का दावा किया है। पुलिस ने बताया कि उन्होंने छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया और 1.89 करोड़ रुपये की फिरौती की रकम भी बरामद कर ली है।
भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि इस साजिश का मास्टरमाइंड शिक्षक का पूर्व सहयोगी प्रियंक था। उसने बिजनेस बढ़ाने के बहाने भोपाल में सेमिनार रखने का झांसा देकर उन्हें शहर में बुलाया था। कमिश्नर आगे बताया कि आरोपियों ने पहले से ही सब तैयारी कर ली थी और मीटिंग से एक दिन पहले एक घर भी किराए पर लिया।
यह भी पढ़ें: यूपी: स्मार्ट मीटर के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग, सरकार ने रोके नए इंस्टॉलेशन
संजय कुमार ने बताया, “जैसे ही पीड़ित अंदर गए, तो उन्होंने देखा कि अंदर कई लोगों के चेहरे ढके हुए थे। उन्हें गनपॉइंट पर धमकाया गया और आरोपी के कई बैंक खातों में 1.89 करोड़ रुपये ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया गया। साथ ही कोई शिकायत न हो इसके लिए दबाव डालकर एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया।”
फिर शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों के बैंक खातों को फ्रीज कर दिया, ताकि फिरौती की रकम निकाली न जा सके। कमिश्नर ने बताया कि यह पैसा शिकायतकर्ता को वापस किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी को बाद में शहर के एक अस्पताल में पकड़ा गया। पुलिस का कहना है कि उसने बीमारी का बहाना बनाकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश की, लेकिन उसे हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
इस मामले में पुलिस ने अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य संदिग्धों से पूछताछ चल रही है। एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। मामले की आगे जांच जारी है।
