DCW Chief Swati Maliwal Case: दिल्ली भाजपा (Delhi BJP) ने शनिवार को उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना (LG Vinai Kumar Saxena) को पत्र लिखकर मांग की कि दिल्ली महिला आयोग (DCW) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल (DCW Chief Swati Maliwal) को “कथित छेड़छाड़” की घटनाओं की पुलिस जांच पूरी होने तक उनके पद से निलंबित किया जाए। दिल्ली भाजपा ने कहा कि स्वाति मालीवाल से छेड़छाड़ करने वाला आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता निकला है और आम आदमी पार्टी ने दिल्ली को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बदनाम करने की साजिश की थी।
दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर शनिवार (21 जनवरी, 2023) ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना को पत्र लिखकर कहा कि दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल को तब तक बर्खास्त किया जाए जब तक कि पुलिस इस मामले की जांच नहीं कर लेती। उन्होंने कहा कि यह संतोषजनक है कि दिल्ली पुलिस ने घटना के बाद तेजी से कार्रवाई की और एक घंटे के भीतर कथित छेड़छाड़ करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन इस पर मीडिया रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि छेड़छोड करने वाला आरोपी हरीश चंद्र सूर्यवंशी आम आदमी पार्टी का एक सक्रिय कार्यकर्ता है।
जांच पूरी होने तक स्वाति मालीवाल को उनके पद से हटाया जाए: भाजपा
कपूर ने कहा सर, मैं आपसे दिल्ली के प्रशासक के रूप में इस मामले को देखने और स्वाति मालीवाल को पद से निलंबित करने का अनुरोध करता हूं।जब तक कथित छेड़खानी की घटना की जांच पूरी नहीं हो जाती, ताकि वह पुलिस जांच को प्रभावित करने के लिए अपने पद का दुरुपयोग न कर सकें।
केजरीवाल जी क्या अब भी कुछ कहना बाकी रह गया: भाजपा सांसद
भाजपा सांसद प्रवेश साहिब सिंह ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक फोटो शेयर करते हुए लिखा, ‘केजरीवाल जी क्या अब भी कुछ कहना बाकी रह गया है…? दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष तक AAP के अपराधी और घिनौनी मानसिकता वाले कार्यकर्ताओं से सुरक्षित नहीं है। ये आप कार्यकर्त्ता हरिश्चंद्र सूर्यवंशी और उसका भाई प्रेमशंकर वही हैं जो रात में सड़कों पर महिलाओं को परेशान करते हैं।
आरोपी हरीश चंद्र सूर्यवंशी AAP कार्यकर्ता है: वीरेंद्र सचदेवा
वहीं प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आप विधायक प्रकाश जरवाल के साथ एक व्यक्ति की फोटो मीडिया में जारी कर इसे आरोपित हरीश चंद्र सूर्यवंशी बताया है। कहा, आरोपित संगम विहार का आप कार्यकर्ता है। विधायक के साथ पार्टी का प्रचार करते हुए उसकी फोटो है। आप व मालीवाल ने दिल्ली को महिलाओं के लिए असुरक्षित शहर दिखाकर इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बदनाम करने की साजिश की थी जिसकी सच्चाई सामने आ गई है।
बता दें, दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल पर कथित छेड़खानी की घटना 18 और 19 जनवरी की दरमियानी रात अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के बाहर हुई थी। जिसकी जानकारी स्वाति मालीवाल ने खुद दी थी। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।