Delhi Ration Distribution: राजधानी में अंत्योदय अन्न योजना (एएवाइ) के तहत मिलने वाली खुली चीनी के स्थान पर पैकेट बंद चीनी उपलब्ध कराने की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की घोषणा को करीब सात महीने बीत चुके हैं, लेकिन एएवाइ श्रेणी के राशनकार्डधारियों को पैकेट बंद चीनी तो दूर, नियमित रूप से खुली चीनी भी नहीं मिल पा रही है।
दिल्ली सरकार ने घोषणा की थी कि जनवरी 2026 से मार्च 2027 तक एएवाइ राशनकार्डधारियों को पैकेट बंद चीनी वितरित की जाएगी। दिल्ली में करीब 65,883 परिवार एएवाइ श्रेणी के तहत राशन कार्डधारी हैं। प्रत्येक राशनकार्ड पर हर महीने एक किलोग्राम चीनी देने का प्रावधान है।
राशन दुकानों पर पहुंची खुली चीनी
विभागीय सूत्रों के अनुसार, पैकेट बंद चीनी की घोषणा के बाद जनवरी से अगस्त 2026 तक खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने सिर्फ एक बार चीनी के आबंटन को मंजूरी दी। जून 2026 में राजधानी की करीब दो हजार राशन दुकानों के लिए 60,398 किलोग्राम चीनी आबंटित करने का आदेश जारी किया गया। हालांकि, राशन दुकानों पर पैकेट बंद चीनी के बजाय खुली चीनी ही पहुंची।
जुलाई में रोका गया वितरण
सात महीने में सिर्फ एक बार चीनी पहुंचने के बाद भी ई-पास मशीन के माध्यम से इसका वितरण 15 जुलाई के बाद रोक दिया गया। इसके चलते जनवरी 2026 से पहले बची चीनी और जून में आबंटित चीनी मिलाकर कुल 62,576 किलोग्राम चीनी राशन दुकानों पर पड़ी हुई है। वहीं विभागीय आंकड़ों के अनुसार, सात महीने में एएवाइ राशनकार्डधारियों के बीच कुल 4,22,786 किलोग्राम चीनी वितरित की जानी चाहिए थी।
बारिश के कारण खराब होने की आशंका
ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। वर्ष 2025 में भी कई महीनों तक राशन दुकानों में चीनी उपलब्ध होने के बावजूद विभाग की ओर से उसके वितरण का आदेश जारी नहीं किया गया था। इस संबंध में पूछे जाने पर कोटाधारकों की यूनियन दिल्ली सरकारी राशन डीलर्स संघ (डीएसआरडीएस) ने कहा कि जून में भी खुली चीनी ही वितरण के लिए भेजी गई थी, पैकेट बंद चीनी नहीं आई।
संघ के अनुसार, विभागीय स्तर पर वितरण का आदेश नहीं मिलने के कारण चीनी दुकानों पर पड़ी हुई है। बारिश का मौसम होने के कारण इसके खराब होने की भी आशंका है।
यह भी पढ़ें: खाना खाकर छत पर टहल रही छात्रा के साथ गार्ड ने किया रेप, 4 दिन पहले ही आया था नौकरी पर
गुजरात के अहमदाबाद से एक 23 साल की छात्रा के साथ रेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कथित तौर पर छात्रा के साथ उसी की हाउसिंग सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड ने रेप किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के रहने वाले धर्म सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तार किया है। पढ़िए पूरी खबर…
