Delhi Crime News: दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र में एक खड़ी कार के अंदर दो लोगों के शव मिले हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों रिश्ते के भाई थे और प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उनकी मौत दम घुटने के कारण हुई है। उत्तर बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने बताया कि जानकारी मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और पाया कि एक सफेद कार खड़ी थी।

कार से आ रही थी तेज बदबू

उन्होंने कहा कि कार की खिड़कियां बंद थीं और दरवाजे खुले थे। उन्होंने बताया कि कार पर उत्तर प्रदेश का पंजीकरण नंबर अंकित है। अधिकारी ने बताया कि वाहन की जांच करने पर पुलिस को अंदर दो लोग नजर आए। एक चालक की सीट पर जबकि दूसरा पिछली सीट पर बैठा था।

अधिकारी ने बताया कि कार से तेज बदबू आ रही थी, जिससे पता चलता है कि शव कुछ समय से वहीं पड़े थे। उन्होंने कहा कि कार के अंदर तीन शराब के पाउच भी बरामद हुए, जिनमें से दो बंद थे और एक खुला था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पड़ताल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के रिकार्ड से पता चला कि कार सोमवार को अपराह्न दो बजे के करीब उस स्थान पर खड़ी की गई थी और उसके बाद किसी को उसमें प्रवेश करते या बाहर निकलते नहीं देखा गया।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान विकास (42) और बिजेंद्र उर्फ भोला (36) के तौर पर की गई है। उन्होंने बताया कि दोनों खेड़ा खुर्द के रहने वाले थे। पुलिस ने बताया कि विकास चालक की सीट पर और बिजेंद्र पिछली सीट पर था। उन्होंने बताया कि दोनों क्रमशः चालक और नलसाज के तौर पर काम करते थे।

पुलिस ने बताया कि यह वाहन राकेश कुमार (49) का है, जो खेड़ा खुर्द का रहने वाला है और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर का निवासी है। राकेश ने यह वाहन किराए पर दिया था। उन्होंने कहा कि शवों पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं और प्रारंभिक जांच के अनुसार ऐसा प्रतीत होता है कि उनकी मौत बंद कार के अंदर दम घुटने से हुई हो। पुलिस अधिकारी ने कहा कि कि सटीक कारण पता करने के लिए शवों का पोस्टमार्टम किया गया है और आगे की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें – दिल्ली: नांगलोई में DTC की बस ने युवक को कुचला, स्पॉट डेथ के बाद गुस्साई भीड़ ने वाहन में लगाई आग

दिल्ली के नांगलोई में सोमवार को एक DTC बस ने स्कूटर सवार युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही, एक ई-रिक्शा और कुछ लोग बस की चपेट में आ गए, जिसके बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। दिल्ली पुलिस ने बताया कि हादसे से गुस्साए स्थानीय लोगों ने बस में आग लगा दी। साथ ही वाहन में तोड़फोड़ की। स्थिति को तनावपूर्ण होता देख फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी गई। पूरी खबर पढ़ें…