देहरादून के एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां के पित्थूवाला स्थित एक पॉलिटेक्निक कॉलेज के शिक्षकों ने आरोप लगाया है कि एक सब इंस्पेक्टर ने अपने चार साथियों के साथ कॉलेज परिसर में हंगामा किया। सभी 5 जून को जबरन परीक्षा नियंत्रण कक्ष में घुस आए, वहां तोड़फोड़ की और कर्मचारियों को धमकाया।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार यह घटना उस दिन हुई जब एक दिन पहले उसके बेटे को फाइनल ईयर की सिविल इंजीनियरिंग परीक्षा के दौरान कथित रूप से नकल करते हुए पकड़ा गया था। अधिकारियों के अनुसार, दोनों घटनाएं कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई हैं।
लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा था
शिक्षकों के मुताबिक, फाइनल ईयर के सिविल इंजीनियरिंग छात्र कबीर कंडवाल को 4 जून को परीक्षा के दौरान अन्य परीक्षार्थियों से बातचीत करने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया था। इसके बाद परीक्षा निरीक्षकों ने उसे फटकार लगाई और लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा था।
अगले दिन 5 जून को कबीर के पिता महेश कंडवाल कथित तौर पर चार अन्य लोगों के साथ परीक्षा नियंत्रण कक्ष में पहुंच गए। कॉलेज के प्रिंसिपल अविनाश जैन ने आरोप लगाया कि वहां कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई, कार्यालय में तोड़फोड़ की गई और शिक्षकों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। इस झड़प में चार शिक्षक घायल भी हुए।
प्रिंसिपल जैन ने कहा, “हम विभाग को इस घटना की विस्तृत रिपोर्ट भेजेंगे और छात्र के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई को लेकर जो भी निर्देश मिलेंगे, उनका पालन करेंगे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है। किसी भी शैक्षणिक संस्थान में इस तरह का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है।”
एक-दूसरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई
शनिवार को कॉलेज के शिक्षकों ने निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। शिक्षकों के सोमवार से नियमित कामकाज पर लौटने की उम्मीद है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
महेश कंडवाल दूरसंचार इकाई (टेलीकम्युनिकेशन यूनिट) में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात थे। इस मामले के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) परमेंद्र डोभाल ने रविवार को उन्हें निलंबित कर दिया। सदर क्षेत्राधिकारी (CO) अंकित कनदारी ने बताया कि घटना 4 जून को हुई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों ने शनिवार को एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
छात्र के साथ मारपीट का आरोप
कंडवाल की शिकायत के अनुसार, परीक्षा के दौरान उनके बेटे कबीर ने कॉलेज कर्मचारियों द्वारा कुछ छात्रों को नकल कराने का विरोध किया था। इसके बाद कॉलेज के कुछ कर्मचारियों—प्रभात खंडूड़ी, पवन कुमार, पीयूष काला और शिवानी, ने कथित तौर पर कबीर को कई घंटों तक एक कमरे में बंद रखा और उसके साथ मारपीट की।
इस शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 127(1) (गलत तरीके से बंधक बनाना), 351(2) (आपराधिक धमकी) और 352 (शांति भंग करने के इरादे से अपमान) के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, कॉलेज के प्राचार्य ने महेश कंडवाल और उनके बेटे कबीर कंडवाल के खिलाफ भी जवाबी शिकायत दर्ज कराई है। मामले की जांच जारी है।
