रक्षा मंत्रालय में अस्सिटेंट सेक्शन ऑफिसर नाजिया खानम की मौत हो गई। नाजिया को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मायके वालों का कहना है कि नाजिया के पति और ससुराल वाले लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से उसका उत्पीड़न कर रहे थे।

नाजिया की शादी 11 अप्रैल, 2026 को अजम अली खान से हुई थी। इस मामले में परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।

एफआईआर में क्या कहा?

एफआईआर में नाजिया के पिता तौवाब खान ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को उसके पति अजम अली खान, सास सामिन निशा, ससुर बाबर अली खान और ससुराल के अन्य सदस्यों द्वारा लगातार परेशान किया जा रहा था। पिता ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले अक्सर उसे गाली देते थे, शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे, घर से निकालने और जान से मारने की धमकी देते थे।

तौवाब खान ने कहा है कि नाजिया ने फोन पर बार-बार उसके साथ हो रहे उत्पीड़न के बारे में बताया था। पिता ने कहा कि उनकी बेटी तीन महीने की गर्भवती थी और कई बार शिकायत के बाद भी उसके पति ने अपने बर्ताव में सुधार नहीं किया। उन्होंने कहा है कि नाजिया के गर्भवती होने के बावजूद ससुराल वाले उसका मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करते रहे।

नाजिया के पति ने पुलिस को क्या बताया?

नाजिया के पति ने पुलिस को बताया कि दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद नाजिया ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया और खुद दूसरे कमरे में चली गई। पति के अनुसार, उसने मकान मालिक को फोन किया। मकान मालिक बालकनी की तरफ से सीढ़ी के जरिए वहां पहुंचा। पति का कहना है कि उसने खिड़की से दूसरे कमरे में झांका तो नाजिया दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकी हुई थी।

पुलिस ने नाजिया के परिवार को उसकी मौत की सूचना दी। नाजिया के पिता तौवाब खान और भाई ने बिजवासन के कार्यकारी मजिस्ट्रेट दिनेश राणा के सामने अपने बयान दर्ज कराए। तौवाब खान ने आरोप लगाया कि दामाद अजम खान उनकी बेटी की मौत के लिए जिम्मेदार हैं और उन्होंने उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

नाजिया के परिवार ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि शिकायत में दहेज से संबंधित आरोपों का जिक्र करने के बावजूद एफआईआर में दहेज एक्ट की धाराएं नहीं जोड़ी गईं।

यह भी पढ़ें- क्या 1.5 करोड़ का गुजारा भत्ता बना हत्या का कारण?

लखनऊ के गोमतीनगर में डबल मर्डर और सुसाइड मामले की जांच में पुलिस ने कहा है कि दिव्या मिश्रा ने अपने तलाक में 1.5 करोड़ रुपये का फाइनेंशियल सेटलमेंट मांगा था और यह उसकी हत्या के पीछे की एक वजह हो सकता है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।