गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच के साथ हुई मुठभेड़ में दीपक नांदल गैंग के चार बदमाश मारे गए और एक घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, यह मुठभेड़ बृहस्पतिवार देर शाम सुशांत लोक फेज-2 के ए-ब्लॉक में हुई।
पुलिस ने बताया कि दीपक नांदल गैंग के पांच बदमाशों ने गुरुग्राम स्थित एसजीटी यूनिवर्सिटी के संस्थापक के बेटे विशाल बेरी को उनके सुशांत लोक के घर पर बंधक बना लिया था। क्राइम ब्रांच को पुलिस कंट्रोल रूम से इस बारे में सूचना मिली थी।
गैंगस्टर दे रहा था धमकी
पुलिस के प्रवक्ता ने बताया, “जब पुलिस टीम सुशांत लोक इलाके में पहुंची तो बदमाशोंं ने स्थानीय व्यापारी के घर से आधुनिक हथियारों से गोलीबारी शुरू कर दी। व्यापारी को विदेश में बैठा एक वांटेंड गैंगस्टर वसूली की धमकियां दे रहा था।”
क्राइम ब्रांच की टीम ने बदमाशों से आत्मसमर्पण करने को कहा लेकिन उन्होंने पुलिस पर गोलीबारी जारी रखी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की और इसमें पांचों बदमाशों को गोलियां लगी। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों को एक प्राइवेट सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार बदमाशों को मृत घोषित कर दिया।
पांचवे बदमाश का इलाज चल रहा है। मुठभेड़ में घायल हुए तीन पुलिसकर्मियों का भी इलाज चल रहा है। गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (क्राइम) हितेश यादव और डीसीपी (ईस्ट) संदीप कुमार मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीमों ने मौके पर पहुंचकर सबूत इकट्ठा किए हैं।
पुलिस ने बताया कि आम लोगों को डराने की कोशिश करने वाले किसी भी अपराधी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- गाजीपुर में ‘एनकाउंटर’ पर बवाल
गाजीपुर में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए हत्या के आरोपी के शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
